महासमुन्द
महासमुंद, 25 नवंबर। पिथौरा नगर के पार्षद देव सिंह निषाद, तरुण पांडे व कांग्रेस नेता राजेंद्र सिंह बग्गा (राजा बग्गा) को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पिथौरा ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के चलते 6 वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है। साथ ही नगर पंचायत पिथौरा के एल्डरमेन लक्ष्मीकांत सोनी, जिला कांग्रेस कमेटी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल, कांग्रेस नेता मोहित ध्रुव, अंकित बागबाहरा के निष्कासन हेतु प्रस्ताव प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजा गया है।
कल पिथौरा में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष करण सिंह दीवान की उपस्थिति में बैठक हुई। जहां हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त नेताओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग हुई।
इस दौरान करण सिंह दीवान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी से महत्वपूर्ण कोई भी व्यक्ति नहीं है। जिन लोगों ने पार्टी के खिलाफ कार्य किया है। उन्हें तत्काल 6 वर्षों के लिए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी निष्कासित करती है। साथ ही श्री दीवान ने विधानसभा चुनाव में पूरी तन्मयता व ईमानदारी के साथ कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं व नेताओं का आभार माना है।