महासमुन्द

सरकारी निर्माण में प्रतिबंधित लाल ईंट
25-Nov-2023 4:43 PM
सरकारी निर्माण में प्रतिबंधित लाल ईंट

जांच कर कार्रवाई की जाएगी- सीईओ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 25 नवंबर। 
समीप के ग्राम बया एवं बासीन पाली में ग्राम पंचायतों द्वारा प्रतिबंधित लाल ईंट पका कर उपयोग करने की जानकारी मिली है। 
ज्ञात हो कि शासन द्वारा सभी सरकारी निर्माण कार्य में लाल ईंट प्रतिबंधित कर फ्लाईऐश ईंट से निर्माण किए जाने का निर्देश दिया था।

ग्रामीण सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शासन के निर्देशों के विपरीत इसके बाद भी कई शासकीय निर्माण कार्यों में आज भी लाल ईंटों से किया जा रहा हैै। इसकी शिकायत के बाद भी प्रशासन मौन है। लिहाजा निर्माण ऐजेंसी शासकीय नियमों व कानून को ताक पर रख कर निर्माण में जुटे हैं।

बताया जा रहा है कि कसडोल जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत देवतराई के आश्रित ग्राम बासिनपाली व ग्राम पंचायत बया में पंचायत की कार्य एजेंसी में आंगनबाड़ी भवन का निर्माण लाल ईंटों से किया जा रहा है। निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन में सरकारी मापदंडों को ताक में रखकर भवन निर्माण किया जा रहा है। जिससे ग्रामीणों में रोष है।

इस मामले में मुख्य कार्यपालन अधिकारी कसडोल हिमांशु वर्मा ने मीडिया से कहा कि यदि ऐसा निर्माण हो रहा है तो निश्चित तौर से गलत है। स्थल निरीक्षण कर जांच टीम गठित की जाएगी। सही पाए जाने पर मूल्यांकन सत्यापन रोका जाएगा व नियमानुसार उक्त पंचायतों के ऊपर कार्रवाई की जाएगी।  

 


अन्य पोस्ट