महासमुन्द
मोबाइल के लिए झगड़े में खटियापाटी से भाई के सिर में वार किया था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 नवंबर। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश फ ास्ट ट्रैक कोर्ट योगिता विनय वासनिक ने बेमचा निवासी माधुरी यादव को गैर इरादतन हत्या की धारा 304 भाग एक के तहत 10 वर्ष के कठोर कारावास और पांच हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड की राशि नहीं पटाने पर 3 माह के कठोर कारावास की सजा पृथक से भुगतनी होगी।
अभियोजन के अनुसार बेमचा निवासी मृतक अंशकुमार और उसकी बहन माधुरी यादव के बीच 20 फरवरी 2019 की शाम 7 बजे विवाद हो गया। आवेश में आकर माधुरी ने खटिया की पाटी से अंशकुमार के सिर में प्राणघातक वार कर दिया। अपराध से बचने के लिए मृतक की मां और पिता ने घटनास्थल से खून आदि की सफाई कर दो दिनों तक घर पर ही रखे रहा। तबियत बिगडऩे पर उसे आरएसली अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया, जहां से रायपुर भेज दिया गया।
उपचार के दौरान सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल रायपुर में अंशकुमार का निधन हो गया। चिकित्सकों ने मृत्यु को संदिग्ध मानकर गोलबाजार थाना रायपुर में सूचना दी। जांच के लिए महासमुंद थाना भेजा गया। जहां विवेचना में यह जानकारी सामने आई कि भाई-बहन के बीच विवाद हुआ था और पटिया से सिर पर प्राणघातक वार किया था।
धारा 302 का अपराध दर्ज कर विवेचना उपरांत मामला कोर्ट को सौंपा गया था। जहां कोर्ट ने धारा 302, धारा 304 भाग एक भादवि का दोषी पाते हुए सजा सुनाई है।
कोर्ट ने कहा है कि मृतक की मृत्यु आरोपिया के द्वारा अचानक मोबाइल को लेकर हुए तुच्छ प्रकृति के विवाद के समय अचानक आवेश एवं गुस्से से पूर्व चिंतन के बिना एवं आशय के खाट के पाया से सिर के पिछले भाग में मारने के कारण आई चोंटों के फलस्वरूप है।