महासमुन्द
महासमुंद, 24 नवंबर। तालाब हमारी विरासत है। हमारी संस्कृति व परंपरा का अहम हिस्सा होता है। इसका संरक्षण व संवर्धन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यही संदेश देने एवं जागरूकता लाने के उद्देश्य से भारतीय सांस्कृतिक निधि इन्टैक महासमुंद अध्याय द्वारा 25 नवंबर शनिवार को सुबह 10 बजे स्थानीय बंधवा तालाब में तालाब हमारी विरासत विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया जा रहा है। प्रमुख वक्ता आर्किटेक्ट शिवी जोशी, विरासत संरक्षण विशेषज्ञ रायपुर होंगी। अरविंद मिश्र संयोजक छठवां अध्याय की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंगलूराम धीवर अध्यक्ष मत्स्य सहकारी समिति महासमुंद होंगे।
वरिष्ठ पत्रकार शशि शर्मा विशेष अतिथि होंगे। वरिष्ठ कवि रुपेश तिवारी कार्यक्रम का संचालन करेंगे। महासमुंद अध्याय के संयोजक दाऊलाल चंद्राकर एवं सहसंयोजक राजेश्वर खरे ने नगर एवं आसपास के विरासत प्रेमी नागरिकों को अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। विदित हो कि प्रत्येक वर्ष 19 से 25 नवंबर तक विश्व विरासत सप्ताह का आयोजन किया जाता है। विश्व विरासत सप्ताह संस्कृति और विरासत के संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए मनाया जाता है। इसका उद्देश्य परंपराओं और संस्कृति के बारे में जागरूकता पैदा करना है।