महासमुन्द

देवउठनी के लिए सजा गन्ने का बाजार, पांच माह बाद आज योग निद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु
23-Nov-2023 3:17 PM
देवउठनी के लिए सजा गन्ने का बाजार, पांच माह बाद आज योग निद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 23 नवंबर। देवउठनी एकादशी के लिए गन्ने का बाजार सज गया है। आसपास के अलावा दूरदराज में भी लोग महासमुंद जिला मुख्यालय में गन्ना बेचने पहुंचे हैं।

गन्ने का मंडप बनाकर तुलसी विवाह की प्रथा के कारण यहां गन्ने की आवक खूब होती है। इस बार गन्ना  30 से 100 रुपए तक की जोड़ी में साइज के अनुसार बिक रहा है। आसपास गांवों लचकेरा, कनेकेरा, लाफिन, चिंगरौद, हथखोज के किसान यहां गन्ना बेचने पहुंचे हैं। शहर के मुख्य मार्ग, बस स्टैंड के सामने, अंबेडकर चौक, जग्गा स्टोर्स, नगरपालिका के सामने आदि स्थानों पर गन्ने की बिक्री हो रही है। कल बुधवार को लोगों ने गन्नेे की खरीदारी की। गन्ने के साथ-साथ गेंदा फूल, शकरकंद, कोर्च, जिमी कंद के परे भी लगे हुए हैं जहां ग्राहकों की भीड़ लगी है।

मालूम हो कि देवउठनी एकादशी में अन्न आहार नहीं लिया जाता है,  इसलिए फल के रूप में शकरकंद, सिंघाड़ा जैसे कंदमूल भी बाजार में काफ ी तादात में बिकने के लिए पहुंचा है। कहा जाता है कि भगवान एकादशी 29 जून से योगनिद्रा में हैं, जो 148 दिन बाद आज योगनिद्या से उठेंगे। आम तौर पर यह पर्व चार महीने बाद होता है, किंतु इस साल सावन माह दोबार होने के कारण पांच माह के उपरांत भगवान विष्णु जागेंगे।

शुक्ल एकादशी तिथिवार की कल रात 11.03 में शुरू होकर गुरुवार की रात 9.01 बजे समाप्त होगी। इस तरह कल से मांगलिक कार्य देवउठनी पर्व के साथ ही शुरू हो जाएंगे।


अन्य पोस्ट