महासमुन्द
मतदाताओं की लंबी कतार, मतदान के बाद सेल्फी भी ले रहे
कलेक्टर-एसपी ने कतार में लगकर दिया वोट
बुजुर्ग, युवा, दिव्यांग मतदाताओं में भी काफी उत्साह
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद, 17 नवंबर। जिला मुख्यालय सहित महासमुंद जिले के गांवों और विकासखंड मुख्यालयों में सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो चुका है। हालांकि कुछ मतदान केन्द्रों में मशीन देर से खुलने के कारण मतदान देर से शुरू हुआ। खल्लारी विधानसभा के खुसरूपाली मतदान केन्द्र में प्रात: 9 बजे तक मतदान शुरू नहीं हो सका था। यहां मतदान करने पहुंचे मतदाता बगैर मतदान किए घरों को वापस होने तैयार हो चुके थे लेकिन कलेक्टर ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए मतदान की व्यवस्था दुरुस्त करवाई। जबकि बूथ क्रमांक 151 बेलर में प्रशासन की समझाइश पर वोट डालने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। नायब तहसीलदार नितिन ठाकुर मौके पर जाकर मतदाताओं को समझाइश दी।
सुबह 11 बजे समाचार लिखते तक जिले में कहीं भी कोई विवाद अथवा किसी तरह ही अप्रिय वारदात की खबर नहीं है। कदम-कदम पर पुलिस के जवान तैनात हैं और सुरक्षा के तमाम तरह के व्यूह पर नजर रखे हुए हैं। मतदान केन्द्रों में मतदाताओं की लंबी कतार है।
महासमुंद कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक, पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने सुबह 9 बजे मचेवा स्थित मतदान केन्द्र क्रमांक 225 में मतदान किया। उन्होंने मतदाताओं के साथ लाईन लगाकर अपनी बारी का इंतजार करते हुए मतदान किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी से मतदान करने की अपील की।
कलेक्टर एवं एसपी ने सेल्फी जोन में तस्वीर भी ली। इस दौरान उन्होंने स्काउट गाइड के मतदाता मित्रों से मिलकर उनके कार्यों की सराहना की तथा मतदाता सहायता केंद्र में जाकर बीएलओ से जानकारी ली। सुबह से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस आलोक ने सपत्नीक मतदान किया और सेल्फ ी जोन में आकर अपनी तस्वीरों को कमरे में कैद किया।
विधानसभा निर्वाचन 2023 अंतर्गत सभी मतदान केंद्रों में मतदाताओं के सहयोग के लिए मतदाता सहायक वोटर असिस्टेंट उपलब्ध हैं। वोटर असिस्टेंट मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम ढूंढने और मतदान केंद्र के संबंध में जानकारी दे रहे हैं। इसके अलावा मतदाता मित्र के रूप में एनएसएस के 829 व स्काउट गाइड के 800 कैडेट्स भी मतदान केंद्रों में दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिकों तथा शारीरिक रूप से अक्षम मतदाताओं को सहयोग प्रदान करने एवं व्हील चेयर,पेयजल, प्राथमिक स्वास्थ्य उपलब्ध कराने में सहयोग कर रहे हंै। वरिष्ठ मतदाता अमृत बाई भी मतदान केन्द्र तक वोट डालने पहुंची थी।
इसी तरह जिले में 20 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। आदर्श मतदान केन्द्रों को खास तरह से सजाया गया है। यहां आदर्श और संगवारी मतदान केंद्र मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए विशेष रूप से सजाया गया है। मतदान के लिए पहुंची अनुष्का, रितुशा, मृणाल ने कहा कि आदर्श मतदान केन्द्र में पहुंचकर ऐसा लगा कि हम किसी खास जगह पर पहुंचे हंै। उन्होंने प्रशासन की इन तैयारियों की सराहना करते हुए उत्साह पूर्वक मतदान किया।
मतदान केन्द्रों में विशेष सहायता केंद्र और स्वास्थ्यगत त्वरित उपचार के लिए भी स्टॉल लगाया गया है। महासमुंद जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है। सभी विधानसभा क्षेत्रों में संगवारी मतदान केंद्र बनाए गए हैं। महिला मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने संगवारी मतदान केंदों को विशेष रूप से सजाया गया है। यहां संगवारी बूथों में पीठासीन अधिकारी से लेकर मतदान दल के सभी अधिकारी महिलाएं हैं। जिले के अलग-अलग विधानसभा अंतर्गत कुल 40 संगवारी मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी विधानसभा क्षेत्र में 10-10 संगवारी मतदान केंद्र बनाया गया है।
मतदान केंद्र क्रमांक 110 शासकीय प्राथमिक शाला भवन बागबाहराकला दिव्यांग मतदान केंद्र में प्रथम मतदाता के रूप में दिव्यांग मतदाता शैलेंद्री वर्मा, घुरवा, आत्माराम पटेल ने मतदान किया। दिव्यांग मतदाताओं का आरती लेकर व गुलाल से तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
जिले के सरायपाली अंतर्गत कुटेला, बसना अंतर्गत धनापाली, खल्लारी अंतर्गत बागबाहरा कला एवं महासमुंद विधानसभा अंतर्गत ग्राम कुकराडीह में दिव्यांग कर्मियों द्वारा मतदान कराया जा रहा है। खल्लारी विधानसभा अंतर्गत बागबाहरा कला में मतदान कर्मी कीर्तन पटेल ने बताया कि यह अनुभव हमारे लिए सुखद रहा। विधानसभक्षेत्र 40 बसना के मतदान केंद्र 197 ग्राम रेमडा के निवासी 81 वर्षीय सिकंदर महाकुर ने आज सुबह अपने मत का प्रयोग मतदान केंद्र में जाकर किया।

