महासमुन्द
आरोपियों को पकडक़र कार्रवाई करने, कारोबारियों को सुरक्षा देने की मांग
महासमुंद, 16 नवंबर। सरायपाली राइसमिल के व्यापारी को चोट पहुंचा कर रुपयों से भरा बैग लेकर भागने की घटना से क्षुब्ध व्यापारियों ने थाना प्रभारी से मुलाकात कर अज्ञात लुटेरों को पकडक़र समुचित कार्रवाई करने व व्यापारियों को सुरक्षा देने की मांग की है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार मंगलवार की रात 9 बजे नगर से लगे पतेरापाली स्थित भगवती राइस मिल से दो आदमी घर की ओर आ रहे थे कि अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात व्यक्ति ने भारी सामान या लोहे के औजार से उन लोगों पर वार किया। इससे दोनों घायल हो गए। उनके पास रखे बैग को उक्त अज्ञात व्यक्ति लूट कर ले गए।
इस घटना से व्यथित आक्रोशित व्यापारी, व्यापारी महासंघ सरायपाली, चेंबर ऑफ कामर्स,कॉमर्स नगर इकाई सरायपाली थाने पहुंचे। उक्त प्रतिनिधि मंडल को थानेदार ने आश्वस्त किया कि अज्ञात लुटेरों को शीघ्र ही खोज निकाला जाएगा और समुचित कार्रवाई की जाएगी।