महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 नवंबर। विधानसभा अंतर्गत भंवरपुर में कल जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी का आगमन हुआ। हेलीपैड पर उतरते ही लोगों ने पुष्पहार से श्री जोगी का स्वागत किया।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने पूर्व की भाजपा एवं कांग्रेस सरकार को कोसते हुए उन्हें गरीबों, किसानों एवं आमजनों का विरोधी बताया। उन्होंने अपने पिता स्व. अजीत जोगी के सुनहरे छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करने के लिए सरायपाली प्रत्याशी किस्मतलाल नंद एवं बसना प्रत्याशी डॉ. अनामिका पाल को वोट देने और प्रदेश में भी जोगी की सरकार बनाने में सहयोग की अपील की। संचालन लोकेश एवं आभार प्रदर्शन मोहम्मद आरिफ ने किया।
मंच पर जिलाध्यक्ष घनश्याम प्रधान, तुलाराम पटेल, गुड्डा शाह, सोहन चौहान, इमरान मेमन, हीरू चौरसिया, तिरिथ पटेल, सादवती नंद एवं महिला कायकर्ता भी मौजूद थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री जोगी ने उनके पिता की ही तरह दोहा से ही अपने वक्तव्य की शुरूआत की। उन्होंने श्री नंद को कका कहकर संबोधित करते हुए कहा कि वे सरकारी नौकरी छोडक़र सरायपाली के गरीब, किसान, मजदूर के आंसू पोंछने, सेवा करने के लिए राजनीति में आए और अपने विरोधी को सबसे अधिक 52 हजार मतों से हराया था। आप जनता ने 2018 में जो प्यार दिया था, अब वह समय पुन: आ गया है।
उन्होंने कहा कि छग राज्य का निर्माण हुआ, तब प्रति व्यक्ति 90 हजार सालाना आय था और अब 1 लाख 17 हजार हो गई है। लेकिन तेलंगाना का 90 हजार से वर्तमान में तीन गुना वार्षिक आय बढ़ी है। इसका कारण है कि वहां पर क्षेत्रीय पार्टी का राज था, लेकिन हमारा दुर्भाग्य है कि 15 साल भाजपा व 5 साल कांग्रेस की राष्ट्रीय पार्टी होने के बावजूद छत्तीसगढ़ का विकास नहीं हो पाया।
उन्होंने कहा कि पिताजी ने 350 रुपए से बुजुर्गों को पेंशन की शुरूआत की थी। आज 22 साल में महंगाई तो बहुत बढ़ी, लेकिन गरीब बुजुर्गों की पेंशन नहीं बढ़ी। हमारे छत्तीसगढ़ में कोयला, सीमेंट, जंगल, हीरा, सोना, बिजली आदि सभी का भंडार है। फिर भी छत्तीसगढ़ गरीब राज्य कहलाता है। यही कारण है कि हमारी लड़ाई गरीबी के खिलाफ है। प्रदेश में 90 प्रतिशत युवा बेरोजगार हैं। लेकिन दूसरे प्रदेश के लोगों को यहां नौकरी दी जाती है। उन्होंने सभी से श्री नंद को विधायक बनाने की अपील की और कहा कि विधायक के बाद मंत्री बनेंगे तो क्षेत्र का संपूर्ण विकास करेंगे। विशेष रूप से उन्होंने उनकी सरकार बनते ही सरायपाली को जिला बनाने की बात कही।
बसना प्रत्याशी डॉ. अनामिका पाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के दुलारे स्व.अजीत जोगी की यह पार्टी है। जिसे आगे बढ़ाने का काम अमित जोगी कर रहे हैं।
सरायपाली प्रत्याशी किस्मतलाल नंद ने कहा कि कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर बगावत करते हुए उन्होंने जोगी कांग्रेस का दामन थामा। उन्होंने डीएसपी की नौकरी छोडक़र कांग्रेस से चुनाव लड़ते हुए भाजपा को 52 हजार से अधिक मतों से हराया था। इसके बावजूद जब उन्हें दोबारा टिकट नहीं दिया गया तो उनके समर्थक व मतदाताओं ने किसी अन्य पार्टी के प्रत्याशी को पसंद नहीं किया। जिसके कारण उन्हें अपने क्षेत्र के विकास के लिए जोगी कांग्रेस में शामिल होना पड़ा। अब इस पार्टी के साथ रहते हुए वे अपने क्षेत्र का पूरा विकास करेंगे।