महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 नवंबर। महासमुंद जिला मुख्यालय में सुबह से देर रात तक सुआ नृत्य का दौर जारी है। आसपास गांवों से युवतियां-महिलाएं छत्तीसगढ़ी पोशाक में जिला मुख्यालय पहुंच रही हैं औैर दुकानों, कार्यालयों, घरों के सामने जा-जाकर गीत-नृत्य प्रस्तुत कर रही हैं। इसके एवज मेंं मिली राशि को समेट वे अपने-अपने गांवों की ओर लौट जाती हैं। दीपावली के समय सुआ नृत्य गीत का खास महव होता है। छत्तीसगढ़ राज्य की स्त्रियों का एक प्रमुख नृत्य है जो समूह में किया जाता है। सुआ गीत मेंं स्त्री मन की भावनाएं, उनके सुख-दुख की अभिव्यक्ति और उनके अंगों का लावण्य, सुवा नृत्य-गीत में देखने-सुनने को मिलता है। सुआ नृत्य का आरंभ दीपावली के हफ्ते दिन पहले से ही हो जाता है जो अगहन मास तक चलता है।
वृत्ताकार रूप में किया जाने वाला यह नृत्य एक लडक़ी,जो सुग्गी कहलाती है, धान से भरी टोकरी में मिट्टी का सुआ रखती है। सुआ का मतलब मिट्ठू या तोता होता है। कहीं-कहीं पर एक तथा कहीं-कहीं पर दो सुग्गे रखे जाते हैं। ये भगवान शिव और पार्वती के प्रतीक होते हैं। टोकरी में रखे सुवे को हरे रंग के नए कपड़े और धान की नई मंजरियों से सजाया जाता है। सुआ को घेरकर स्त्रियां ताली बजाकर नाचती हैं और साथ ही साथ गीत भी गाती हैं।
सुआ गीत की प्रत्येक पंक्तियां विभिन्न गुणों से सजी होती है। प्रकृति की हरियाली देखकर किसान का प्रफुल्लित होता मन हो या फिर विरह की आग मे जलती हुई प्रेयसी की व्यथा हो, या फिर ठिठोली करती ग्राम बालाओं की आपसी नोंक.झोंक हो, अतीत की विस्तार गाथा हो, प्रत्येक संदर्भ में सुआ मध्यस्थ का कार्य करता है। सुआ नृत्य के आयोजन में घर की मालकिन रुपया और पैसा अथवा धान या चावल आदि देकर नृत्य समूह को विदा करती है। तब सुआ नृत्य की टोली विदाई गीत का गान करती है। जइसे ओ मइया लिहे दिहे आना रे सुअना तइसे तैं लेइले असीस, अन धन लक्ष्मी तोरे घर भरै रे सुअना,जिये जग लाख बरीस।