महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 नवंबर। आगामी छत्तीसगढ़ विधानसभा निर्वाचन नवम्बर 2023 के परिप्रेक्ष्य में छत्तीसगढ़ और ओडिशा राज्यों के सीमावर्ती जिलों के आबकारी अमलों की सीमा समन्वय बैठक वर्चुअल माध्यम से बुधवार को संपन्न हुई।
बैठक में उपायुक्त आबकारी संभागीय उडऩदस्ता रायपुर अनिमेष नेताम, उपायुक्त नार्दन डिवीजन ओडिशा राजेंद्र बोथरा और बिलासपुर उपायुक्त नोहर सिंह ठाकुर ने दोनों राज्यों के विभागीय अधिकारियों को आपस में समन्वय बनाकर कार्य करने हेतु निर्देशित किया। निर्वाचन अवधि में सीमावर्ती इलाकों की जांच चौकियों में दोनों राज्यों की ओर से सतत निगरानी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही इन सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त रूप से छापामार कार्यवाही करते हुए मादक पदार्थों के अवैध धारण, विक्रय और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि आगामी विधानसभा निर्वाचन की तिथि को मतदान समाप्त होने के 48 घंटे पूर्व से छत्तीसगढ़ राज्य की समस्त मदिरा दुकानों, बारों, आसवनियो, बॉटलिंग यूनिट्स, देशी मदिरा के वेयरहाउस और विदेशी मदिरा गोदामों को बंद किया जावेगा। साथ ही साथ सीमावर्ती नार्दन डिवीजन उड़ीसा में सम्मिलित जिला झारसुगुड़ा की 3, बरगढ़ की 20, सुंदरगढ़ की 7 और नुआपाड़ा की 5 मदिरा दुकानें भी इस अवधि में बंद रहेंगी। दीपावली पर्व समीप होने के कारण इस हेतु अधिक चौकसी रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में रायगढ़, सारंगढ़, महासमुंद, गरियाबंद, झारसुगुड़ा, बरगढ़, सुंदरगढ़ और नुआपाड़ा जिलों के आबकारी विभाग के अधिकारी सम्मिलित थे।