महासमुन्द

ऑपरेशन के बाद कॉटन पट्टी भीतर छूटी, 8 दिन बाद निकाला, खतरे से बाहर
09-Nov-2023 3:00 PM
 ऑपरेशन के बाद कॉटन पट्टी भीतर छूटी,  8 दिन बाद निकाला, खतरे से बाहर

टांका नहीं सूखते देख निजी चिकित्सक को दिखाया, तब जानकारी हुई 

दुबारा भर्ती कर मेडिकल कॉलेज में परिजनों ने किया हंगामा 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 नवंबर।
मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में चिकित्सकों और नर्सों की बड़ी लापरवाही की खबर है। आरोप है कि इस लापरवाही के बाद पीडि़ता के परिजनों ने जब आवाज उठाई तो अस्पताल के स्टाफ  ने परिजनों के साथ बदसलूकी भी की। अंतत: परिजनों ने प्रसूता को झलप के एक निजी अस्पताल दाखिल कराया। जहां उसका उपचार सुचारू रूप से जारी है। समाचार लिखते तक उसकी हालत खतरे से बाहर है। सप्ताह भर पूर्व प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल लाई गई एक प्रसूता के ऑपरेशन के बाद एक बड़ी कॉटन पट्टी चिकित्सकों ने बच्चेदानी के भीतर ही छोड़ कर टांका लगा दिया था। ऑपरेशन के एक सप्ताह भर बाद टांका नहीं सूख रहा था तो परिजनों ने मलहम पट्टी के लिए प्रसूता को एक निजी चिकित्सक को दिखाया। तब इस बात की पुष्टि हुई कि प्रसूता के बच्चेदानी के निचले हिस्से में ऑपरेशन के बाद कॉटन पट्टी भीतर ही छोड़ कर सिलाई कर दिया गया है। 

आनन-फ ानन में परिजनों ने उसे दुबारा मेडिकल कॉलेज महासमुंद में भर्ती कराया। यहां जब टांका खोला गया तो एक बड़ी साइज का  कॉटन पट्टी भीतर से बाहर निकला। इसे देखकर भडक़े परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर गलत उपचार का विरोध किया। 

लेकिन यहां मौजूद अन्य स्टाफ  ने परिजनों को ही गलत ठहराते हुये उनका मुंह बंद कराने का प्रयास किया। आहत परिजनों ने जब उनसे डिस्चार्ज पेपर की मांग करते हुए प्रसूता को अन्यत्र ले जाने की बात की तो डिस्चार्ज पेपर भी देने से मना करने लगे। बाद वरिष्ठ चिकित्सकों ने आकर मामला शांत कराया। 

पीडि़ता बरभांठा झलप निवासी सुनीता पति गोपी (23 वर्ष) है। इन्हें परिजनों ने 31 अक्टूबर को प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज महासमुंद के मेटरनिटी वार्ड में भर्ती कराया था। 
 डॉ.बसंत मेडिकल कॉलेज महासमुंद का कहना है कि प्रसूता की डिलीवरी सामान्य नहीं थी। 31 अक्टूबर की रात प्रसव पीड़ा के बाद उसे यहां भर्ती किया गया। शिशु बाहर नहीं आ था। इस हेतु टांका लगाया गया। इस दौरान अत्यधिक रक्त स्राव को रोकने के लिये चिकित्सकों ने पट्टी लगाया और डिस्चार्ज भी कर दिया, लेकिन 8 दिन बाद भी प्रसूता को आराम नहीं मिल पा रहा  था। बाद जब निजी चिकित्सक को दिखाया गया पता चला कि कॉटन पट्टी भीतर रह गई है। चिकित्सकों को कह दिया गया है कि किसी भी मरीज को इसकी जानकारी दी जाये। 

प्रसूता सुनीता डहरिया के पति गोपी डहरिया ने कहा कि चिकित्सकों की लापरवाही के चलते 8 दिन तक कॉटन भीतर ही था। यदि जानकारी नहीं हो पाती तो प्रसूता की जान भी जा सकती थी।
 


अन्य पोस्ट