महासमुन्द
आमने-सामने चर्चा के बाद होगी एफ आईआर दर्ज -थानेदार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 नवंबर। पत्रकार बताकर मेडिकल व्यवसायी से 10 हजार रुपए की मांग करते हुए गाली गलौज करने वाले युवक के विरूद्ध मेडिकल एसोसिएशन के सदस्यों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। हालांंकि समाचार लिखते तक इस मामले में एफ आईआर दर्ज नहीं हुई है। लेकिन थानेदार का कहना है कि आमने-सामने बातचीत के बाद मामले में रिपोर्ट दर्ज किया जाएगा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी प्रदीप साहू का ग्राम शेर में प्रगति मेडिकल स्टोर्स नाम से दवाई दुकान है। पुलिस को दिये आवेदन में प्रार्थी ने बताया कि सोमवार शाम 5.15 बजे वह अपनी दुकान में बैठा था। इसी समय चार लोग कार से आये और धमकी दी कि तुम अपनी दुकान में प्रतिबंधित दवाई बेचते हो।
व्यवसायी ने बताया कि मेरे द्वारा यह कहने पर कि मैं शासन से मान्यता प्राप्त दवाई ही बेचता हूं, किसी प्रकार की प्रतिबंधित नहीं। इस पर एक ने अपना नाम सावधान छग का पत्रकार परमेश्वर साहू बताया तथा 10 हजार रुपए की मांग की। नहीं देने पर समाचार चलाकर दुकान बंद कराने की धमकी दी।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी नरेन्द्र राठौर से चर्चा की गई। श्री राठौर ने कहा कि धमकी देने वाले को थाना बुलाया गया है। आमने-सामने चर्चा के बाद एफ आईआर दर्ज किया जाएगा।