महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 नवंबर। महासमुंद के कई वार्डों में नलों से सप्ताह भर से बदबूदार पानी सप्लाई हो रहा है। अधिकारी चुनाव ड्यूटी में हैं। शहर के अनेक वार्डों में ऐसी शिकायत है। सड़ांधयुक्त बदबूदार पानी उबालने के बाद भी पीने के योग्य नहीं है। नलों से आने वाली बदबू इतनी तेज है कि उबालने के बाद भी बदबू जाने का नाम नहीं लेती। जलापूर्ति व्यवस्था में रहने वाली नगर पालिका टीम की ड्यूटी चुनाव कार्य में लगी होने से वे भी इस ओर ध्यान नहीं दे पा रहे हैं। चर्चा है कि बदबूदार पानी की आपूर्ति रोककर शुद्ध पानी की आपूर्ति शीघ्र शुरू नहीं की गई तो जन स्वास्थ्य के लिए खतरा हो सकता है।
मालूम हो कि बेलसोंडा के समीप महानदी किनारे स्थित फिल्टर प्लोट से महानदी के पानी की आपूर्ति नगर पालिका जिला मुख्यालय में करती है। यहां आने वाले पानी को शहर की 7 टंकियों में भरने के बाद नलों के जरिये आपूर्ति की जाती है। सप्ताह भर से नलों से आने वाले पानी में सड़ांधयुक्त बदबू की शिकायतें मिल रही है। नगर पालिका तक भी शिकायतें पहुंची है। ऐसी शिकायतें अनेक मुहल्लों से मिल रही है। बदबू इतनी तीव्र है कि लोग इस पानी का इस्तेमाल पीने के लिए नहीं कर पा रहे हैं।
गांधी चौक, सुभाषनगर के लोगों ने नगर पालिका में शिकायत में बताया है कि उबालने बाद भी पानी से बदबू नहीं जा रही है। अलबत्ता लोग पीने के लिए इसका इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। नगर पालिका में संपर्क किया गया तो पता चला कि जल प्रभारी सीताराम तेलक आदि चुनाव ड्यूटी में व्यस्त हैं। इस वजह से इस अत्यावश्यक सेवा सुधार कार्य नहीं हो पा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व वर्ष 2021 में भी महानदी से सड़ांध वाली बदबूदार पानी की सप्लाई शहर में हुई थी। उस समय शिकायत के बाद तत्कालीन नपाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने शहर के समस्त पानी टंकियों को साफ करवाया था। टंकियों की सफाई बाद में विभागीय जांच टीम द्वारा महानदी के पानी का जांच की गयी थी। जिसमें पता चला था कि महानदी के पानी में ही खराबी थी। तब आरंग नगर पालिका को भी महानदी से पानी सप्लाई होता है। वहां भी नलों से बदबूदार पानी सप्लाई होने की शिकायत मिली थी। उक्त शिकायतों के मद्देनजर निसदा डायवर्सन का पानी खाली कराया गया था। पश्चात गंगरेल से पुन: पानी छोडक़र निसदा डायवर्सन को भरा गया था। और पानी सप्लाई शुरू की गई थी।
इस बार फिर सड़ांध युक्त बदबूदार पानी सप्लाई हो रही है। इस संबंध में जल प्रभारी सीताराम तेलक ने बताया कि पानी में बदबू है। उन्होंने स्वयं पानी पीकर देखा है। बदबू को देखते हुए ब्लीचिंग का मात्रा बढ़ाया गया है। संभवत: काई के कारण पानी में बदबू आ रहा है। कल पानी सप्लाई के बाद भी बदबूदार पानी आता रहा तो तो उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी जाएगी।
शहर के स्टेशन रोड, नयापारा के सभी वार्ड, सुभाष नगर, क्लबपारा, गंजपारा, इमलीभांठा वार्डस मुख्य मार्ग में लगे नलों सहित लगभग सभी वार्डों के नलों से बदबूदार पानी आ रहा है। अत्यधिक बदबू के कारण पानी पीने योग्य नहीं होने के कारण लोग कुएं या निजी बोर से पानी लाकर पी रहे हैं।
टामसन रात्रे सीएमओ नगर पालिका महासमुंद का कहना है कि बदबूदार पानी मिलने की शिकायत अभी तक नहीं मिली है। आपके माध्यम से जानकारी हो रही है। यदि बदबूदार पानी आ रहा है, तो जिन वार्डों में बदबूदार पानी आ रहा है वहां कर्मचारी भेजकर पानी का सैंपल मंगवाउंगा। लैब में जांच के बाद कारणों का पता कर समाधान किया जाएगा।