महासमुन्द

जामली जलाशय का क्षेत्र विस्तार-जीर्णोद्धार नहीं, चुनाव बहिष्कार का निर्णय
07-Nov-2023 3:10 PM
जामली जलाशय का क्षेत्र विस्तार-जीर्णोद्धार नहीं, चुनाव बहिष्कार का निर्णय

एसडीएम व जनपद सीईओ को सौंपा 11 सूत्रीय ज्ञापन

गांव पहुंचे जनपद सीईओ-तहसीलदार, ग्रामीणों ने कहा-जब तक मांगें पूरी होती, बहिष्कार जारी रखेंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 नवंबर।
जिले के बागबाहरा ब्लॉक स्थित ग्राम जामली के ग्रामीणों ने पंचायत संबंधी समस्या को लेकर किये गये विधानसभा चुनाव बहिष्कार के बाद सोमवार को ग्राम जामली के ग्रामीणों ने जामली जलाशय से संबंधित विभिन्न कार्य, सडक़ निर्माण, बिजली संबंधी व्यवस्था विस्तार आदि 11 सूत्रीय समस्या के निराकरण नहीं होने के कारण चुनाव बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।

यहां के ग्रामीणोंं ने एक ज्ञापन तैयार कर कल दोपहर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं जनपद सीईओ को दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद सीईओ एफसी पटेल एवं तहसीलदार लीलाधर कंवर ज्ञापन मिलते ही कल शाम ही जामली पहुंचे और ग्रामवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। 

मालूम हो कि ग्रामीणों ने अपने ज्ञापन में लिखा है कि अब तक अपनी उक्त मूलभूत सुविधा को लेकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर रहे थे। लेकिन ध्यान नहीं दिये जाने पर क्षुब्ध होकर चुनाव बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। ग्रामीणों ने अपनी 11 मांगों का उल्लेख भी ज्ञापन में किया है। जिसमें जामली जलाशय का क्षेत्र विस्तार एवं जीर्णोद्धार, उसकी मध्य नहर में दो पुलिया एक डीसी, 35 चेन से 100 चेन तक नहर सीमेंट क्रांक्रीटीकरण, बांई नहर में 17 से 50 चेन तक सीमेंट क्रांक्रीटीकरण, अमली नरवा में सीमेंट क्रांक्रीटीकरण, तालाब में सिंचाई सुविधा हेतु गेट लगवाने, बिजली संबंधी समस्या में गली खम्बा एवं तार मरम्मत, स्कूल में विद्युत लाइन को व्यवस्थित करने एवं रात-दिन बिजली बंद रहने की समस्या का निराकरण के अलावा सडक़ संबंधी समस्या में ब्लॉक मुख्यालय जाने हेतु पक्की सडक़, आश्रित ग्राम से जामली तक पक्की सडक़ आदि की मांग की है। ग्रामीणीें ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने तक चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा।


अन्य पोस्ट