महासमुन्द

सडक़ किनारे मिट्टी से आकर्षक कलाकृतियां बना रहीं सुभद्रा दाई
07-Nov-2023 2:56 PM
सडक़ किनारे मिट्टी से आकर्षक कलाकृतियां बना रहीं सुभद्रा दाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 नवंबर।
महासमुंद जिला मुख्यालय में छोटे पसरे से लेकर बड़ा बाजार दीपावली के सजकर तैयार है, लेकिन महामसुंद की सोहद्रा दाई पुलिस वेलफेयर पेट्रोल पंप के सामने मिट्टी से बेहद आकर्षक कलाकृतियां बनाने में व्यस्त हैं। 

सोहद्रा दाई मूलत: महासमुंद कुम्हार पारा की रहने वाली हैं। चूंकि वह कुम्हार परिवार की हैं, इसलिए परंपरागत कुम्हारी का काम उन्हें बखूबी आता है। खपरैल, ईंट, घड़ा, कलशा, नांदिया, पोला, दीया सब कुछ बना लेती है। सब कुछ सीजन के हिसाब से बनाती हैं। अभी दीपावली का त्यौहार है तो उन्होंने टेराकोटा से मनमोहक मूर्तियां और कलाकृतियां बनाकर बेचना शुरू किया है। 

यह दुकान बाजार से अलग जगह में बाजार से अलग सामानों के साथ लगी हुई है। पुलिस वेलफेयर पेट्रोल पंप के सामने खाली जगह देखकर उन्होंने यहां दुकान रखना उचित समझा। पहले दिन कपड़ा आदि बिछाकर सडक़ किनारे में कुछ कलाकृतियों को सजा ग्राहकों का इंतजार करने लगी। कलाकृतियों को देख ग्राहक इनकी ओर खींचे चले आए और रोजगारी शुरू हो गई। यह लगभग 15 दिनों पहले की ही बात है। अब इनके दुकान में रोजाना सैकड़ों ग्राहक आते हैं और मनपसंद कलाकृति खरीद कर ले जाते हैं। 

सोहद्रा दाई सुबह से शाम तक इस दुकान में रहती हैं। खाली समय में यहीं पर मिट्टी से आकृतियां तैयार करने लग जाती हैं। किसी सिद्धहस्त कारीगर की तरह इनकी उंगलियां बारीकी से काम करती हैं और घटें भर में एक खूबसूरत कलाकृति तैयार कर लेती हैं। उसे सुखाती  हैं, रंगरोंगन करती हैं और पसरे में रख देती हैं। इसके बाद कोई ग्राहक आता है और उसे खरीद ले जाता है। यह उनका अब रोज का काम हो गया है। शाम होते ही अपना पसरा समेट कलाकृतियों को उसी स्थान पर समेट देती हैं और खुद भी वहीं सो जाती हैं। पीने के पानी, शौच आदि की  मोहलत उसे पेट्रोल पंप से मिल जाती है और सामने स्थित होटलों से उसकी भूख मिट जाती है। 

सोहद्रा दाई पढ़ी-लिखी नहीं हैं लेकिन पैसों का हिसाब बहुत बढिय़ा तरीके से जानती हंै। कहती हैं कि गरीबी मिटाने के लिए न जाने क्या-क्या करना पड़ता है। वह अपने परिवार के बारे में ज्यादा बात नहीं करना चाहती। बस यही कहती हैं कि जिंदगी से लडऩा जरूरी है। 

वह  बहुत प्रेम से ग्राहकों से ग्राहकी करती हैं और विदाई के वक्त सभी से यही कहती हैं कि अपने परिचितों से जरूर कहिए कि मेरे दुकान से एक बार खरीदी जरूर करे। सचमुच आज की अमेजन वाली दुनिया में सोहद्रा दाई की दुकान कोई मायने न रखता हो, लेकिन उनके हाथों मिट्टी से तैयार हो रही कलाकृतियों को खरीदने पहुंचे रहे हैं। 


अन्य पोस्ट