महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 नवंबर। जिले में करवा चौथ के अवसर पर महिलाओं ने स्वीप मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित कर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। इस प्रतियोगिता में मतदान से संबंधित रोचक और संदेशप्रद स्लोगन लिखकर महिलाओं ने हाथों में मेहंदी लगाई। इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक भी प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। उन्होंने कहा कि महिलाओं द्वारा अपने हाथों में मेहंदी रचाकर दिया गया संदेश अवश्य जागरूकता लाएगी।
उन्होंने कहा कि पूरे जिले में महासमुंद शहर का मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम है जिसे बढ़ाने की जिम्मेदारी हम सब की है। उन्होंने मौजूद सभी प्रतिभागियों के माध्यम से संदेश दिया कि महिलाएं अपने स्वयं का वोट देकर अपने आस-पास, घर-परिवार के महिलाओं और लोगों को भी वोट डालने के लिए प्रेरित करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपने मताधिकार का उपयोग करें।
कार्यक्रम में एस आलोक मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं नोडल अधिकारी जिला स्वीप समिति महासमुंद, समीर पांडेय जिला परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, संगीता सिंह उप संचालक समाज कल्याण विभाग, रेखराज शर्मा जिला परियोजना अधिकारी जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण महासमुंद एवं सहायक नोडल अधिकारी जिला स्वीप समिति महासमुंद उपस्थित थे। इस प्रतियोगिता में अर्पिता साहू प्रथम, पूर्णिमा देवदास द्वितीय, ललीता तृतीय स्थान पर रही। कलेक्टर प्रभात मलिक ने उन्हें मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में किरित सोनी ने मतदान कविता सुनाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में शैल नाविक परियोजना अधिकारी शहरी,अभिषेक सिंह,धनेश यादव, वेदप्रकाश साहू व अन्य सहयोगियों का योगदान रहा।