महासमुन्द
महासमुंद में इस वर्ष धान समर्थन मूल्य में बेचने वालों की संख्या बढ़ी, गांवों से किसानों का उपज मंडी-समितियों में आना शुुरू
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 नवंबर। जिले में आज एक नवम्बर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो चुकी है। जिला मुख्यालय स्थित कृषि उपज मंडी समेत जिले के समितियों में किसान धान लेकर पहुंच रहे हैं। बायोमेट्रिक डिवाइसेज नहीं पहुंचने के कारण बिना अंगूठा लगाए ही किसान धान बेच रहे हैं।
विभागीय जानकारी अनुसार इस साल जिले के 182 धान खरीदी केंद्रों के जरिए 99 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य है। इस बार जिले के किसानों से करीब 21.61 अरब रुपए कीमत की धान खरीदी होगी। आज पहले दिन 1222 किसान धान बेच सकेंगे। किसानों से प्रति एकड़ 20 क्विंटल के मान से धान खरीदा जाना है।
इसकी तैयारी जिला प्रशासन ने पहले ही पूरी कर ली थी। महासमुंद जिले में इस वर्ष धान समर्थन मूल्य में बेचने वालों की संख्या में इजाफ ा हुआ है। वर्ष 2022-23 में 1 लाख,52 हजार, 863 पंजीकृत किसानों ने समर्थन मूल्य में धान बेचा था। इस वर्ष 2023-24 के लिए 1 लाख, 57 हजार 152 किसानों ने पंजीयन कराया है। गत वर्ष छत्तीसगढ़ राज्य सरकार ने 18 क्विंटल एकड़ के हिसाब से धान की खरीदी की थी। वहीं इस वर्ष राज्य सरकार किसानों का धान 20 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से खरीदने जा रही है।
कलेक्टर प्रभात मलिक ने कहा है कि धान खरीदी केन्द्र के पर्यवेक्षण एवं नियंत्रण, उपार्जित धान के भुगतान के लिए आवश्यक राशि, बारदाने एवं परिवहन आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जा चुकी है। महासमुंद जिले के सभी 182 धान उपार्जन केन्द्रों में खरीफ विपणन वर्ष 2023.24 में पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए विकासखण्ड महासमुंद में 37, बागबाहरा में 32, पिथौरा में 44, बसना में 36 व सरायपाली विकासखण्ड में 33 धान उपार्जन केन्द्र स्थापित है। खरीदी केन्द्रों में बायोमेट्रिक संबंधित प्रक्रियाओं को पूरा करने तक 2022.23 के अनुसार ही बिना बायोमेट्रिक के किसानों से धान खरीदी किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी अनुसार धान खरीदी के लिए खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा बायोमेट्रिक आधारित धान खरीदी व्यवस्था लागू किए जाने निर्देश दिए गए हैं। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ द्वारा बायोमेट्रिक संबंधी प्रक्रियाओं को पूर्ण करने में कुछ समय लगने की संभावना है। इन परस्थितियों को ध्यान में रखते हुए किसानों की सुविधा के लिए खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में 2022-23 के अनुसार ही बिना बायोमेट्रिक के किसानों से धान खरीदी किए जा रहे हैं। विपणन संघ द्वारा उपार्जन केन्द्रों में बायोमेट्रिक उपकरण की व्यवस्था एवं संबंधित प्रक्रियाओं के पूरा होने पर बायोमेट्रिक आधारित धान खरीदी प्रारम्भ की जा सकती है।
सहकारी केंद्रीय बैंक महासमुंद अधिकारी श्री साहू ने बताया इस बार शासन ने 13 नए धन केंद्र बनाए हैं। इसके साथ ही केंद्र की संख्या जिले 182 हो गई है। खरीदी आज से हर रोज प्रात: 8 बजे से शाम 5 तक होगी और भुगतान खरीदी के 3 दिन के भीतर किसानों के में ऑनलाइन पहुंच जाएगा। श्री साहू ने बताया कि इस बार धान बेचने वाले किसान के नॉमिनी का भी पंजीयन किया गया है। किसी कारणवश किसान नहीं आ पाता है तो नॉमिनी आकर धान बेच सकेगा। जिन किसानों के पंजीयन में नॉमिनी नहीं है, उनके साथ खरीदी में समस्या आने पर विश्वसनीय व्यक्ति ट्रस्टेड पर्सन के बॉयोपिक आबेटीकेशन के आधार पर धान खरीदा जाएगा। प्रत्येक खरीदी केंद्र में ट्रस्टेड पर्सन की नियुक्ति की गई है। डीएमओ राहुल अस्कर ने बताया कि सभी समितियों में बारदाना भेजा जा चुका है। 20 हजार गठान ज्यादा बारदाना इस बार जिले को मिला है।
नोडल अधिकारी श्री साहू ने कि जिले के 134 खरीदी केंद्रों के अंतर्गत आने वाले 1222 किसानों को पहले दिन धान बेचने हेतु टोकन दिया गया है। इन किसानों से पहले दिन 48610 क्विंटल धान खरीदी होगी। शेष खरीदी केंद्रों का टोकन फिलहाल नहीं कटा है। उन्होंने बताया कि पखवाड़े भर में अपनी सुविधानुसार कभी भी किसान टोकन कटवा सकता है। एप के माध्यम से भी किसान टोकन कटा सकते हैं। इस बार समर्थन मूल्य कॉमन धान का 2183 रुपए तथा पतले का 2203 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित है।