महासमुन्द
पत्रकार वार्ता में घोषणा पत्र के साथ कहा-दोनों पार्टी मिलकर चुनाव लड़ेंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 नवंबर। कल दोपहर एक पत्रकार वार्ता लेकर बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष बसंत सिन्हा ने कहा कि इस विधानसभा चुनाव में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के साथ मिलकर जीत का लक्ष्य तैयार किया है। दोनों ही पार्टी ने मिलकर जिले की चारों विधानसभा का सीटों से इस बार अपने विधायक प्रत्याशी खड़े किए हैं। विधानसभा सीट सरायपाली और बसना से बहुजन समाज पार्टी तथा महासमुंद व खल्लारी विधानसभा से गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
मंगलवार को स्थानीय प्रेस क्लब भवन में पत्रकारों के समक्ष उन्होंने अपना घोषणा पत्र बताया। बहुजन समाज पार्टी के जिला प्रभारी बसंत सिन्हा ने बताया कि विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी संयुक्त रूप से प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ रही है, जिसमें 57 सीटों से बसपा और 37 सीटों से गोंगपा के प्रत्याशी चुनाव मैदान में है।
उन्होंने बताया कि सरायपाली विधानसभा से बसपा के जयनारायण किशोर और खल्लारी विधानसभा के सुफल साहू चुनाव मैदान में हैं। इसी प्रकार गोंगपा से महासमुंद विधानसभा से डेजीरानी नेताम और बसना से अजय रात्रे ने नामांकन भरा है। महासमुंद प्रत्याशी डेजी रानी नेताम का यह तीसरा विधानसभा चुनाव है। शेष में प्रत्याशी पहली बार चुनाव मैदान में उतरे हैं।
श्री सिन्हा ने बताया कि छत्तीसगढ़ में अनुसूचित जाति, जनजाति और आदिवासियों की बड़ी संख्या है। इसी प्रकार जिले में भी यह संख्या अधिकाधिक है। समाज के सभी लोगों को जोडऩे का लगातार प्रयास किया जा रहा है ताकि चुनाव मैदान में उतरे और अपने प्रत्याशियों को विजय दिलाएं।
एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि समाज के लोगों से सहायता लेकर और अपने निजी खर्च पर प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे हैं। श्री सिन्हा ने कहा कि बसपा और गोंगपा गठबंधन की सरकार बनने पर सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय हेतु प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने 50 बिंदु वाले संयुक्त घोषणा पत्र की भी जानकारी दी। जिसमें धान खरीदी, शिक्षा,स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं, रोजगार,सरकारी कर्मचारियों, बेरोजगारों और किसानों के लिए प्राथमिकताएं बताई। इस दौरान जिले के चारों विधानसभा प्रत्याशी मौजूद रहे।