महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 20 अक्टूबर। बसना विधानसभा क्षेत्र के लिए दोनों प्रमुख दल भाजपा एवं कांग्रेस के बीच ही मुकाबला होना तय है। भाजपा ने क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी संपत अग्रवाल को मैदान में उतारा है, वे पहली बार भाजपा की टिकट पर बसना विधानसभा के प्रत्याशी बने हैं। इसके पहले 2018 के विधानसभा चुनाव में वे निर्दलीय प्रत्याशी थे और उन्होंने 50 हजार से अधिक मत बटोरकर दोनों प्रमुख दलों में हडक़ंप मचा दिया था। इस चुनाव में भाजपा द्वारा डीसी पटेल को अपना प्रत्याशी बनाया था, वे तीसरे स्थान पर रहे। वहीं कांग्रेस ने एक बार फिर सराईपाली राज परिवार के विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह पर दांव लगाया है।
कांग्रेस से 2018 के चुनाव में जीत कर विधायक बने देवेंद्र बहादुर सिंह 2013 में भाजपा प्रत्याशी रूप कुमारी चौधरी से चुनाव हार गए थे। उसके बाद 2018 चुनाव में वे पुन: विधायक बन गए। उनकी लोकप्रियता देख कर कांग्रेस ने इस बार पुन: उन्हें अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है।
9 बार प्रतिनिधित्व किया राजपरिवार ने मात्र बसना विधानसभा से ही सराईपाली राजमहल ने अब तक कुल 9 बार क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है। इसमें एक बार निर्दलीय मिला कर 6 बार महेंद्र बहादुर सिंह ने प्रतिनिधित्व किया। एक बार वीरेंद्र बहादुर सिंह एवं दो बार देवेंद्र बहादुर सिंह कांग्रेस की टिकट पर चुनाव जीत चुके हैं, जिससे यह स्पष्ट है कि क्षेत्र की जनता का झुकाव हमेशा ही सराईपाली राजपरिवार की ओर रहा है। सन 1990 के विधानसभा चुनाव में पहली बार राजपरिवार का तिलिस्म टूटा था और जनता दल प्रत्याशी लक्ष्मण जयदेव सत्पथी राजपरिवार के महेंद्र बहादुर सिंह को हराकर विधायक बने थे।
इसके बाद 2003 के चुनाव में डॉ. त्रिविक्रम भोई ने राजपरिवार को पीछे कर विधायक बने थे। इसके बाद सीधा 2013 के विधानसभा चुनाव में भाजपा नेत्री रूपकुमारी चौधरी बसना विधानसभा जीत कर विधायक बनी थी, परन्तु 2018 की लहर में एक बार पुन: देवेंद्र बहादुर सिंह जीत गए। वर्तमान में वे विधायक हंै। इन पर लगातार निष्क्रियता का आरोप होने के बावजूद क्षेत्र में महल की लोकप्रियता भुनाने कांग्रेस ने पुन: उन्हें टिकट दे दी है।
वहीं दूसरी ओर कोई दशक भर से लगातार विधानसभा क्षेत्र में नीलांचल सेवा समिति के नाम से सेवा कार्य करते हुए हजारों लोगों को नि:शुल्क चिकित्सा एवं शिक्षा सहित खेल क्षेत्र में कार्य कर लोकप्रिय हुए सम्पत अग्रवाल भाजपा की टिकट पर चुनाव मैदान में है। अब देखना होगा कि सराईपाली महल और नीलांचल सेवा के बीच हो रहे इस मुकाबले में जनता किस पर ज्यादा भरोसा करती है।