महासमुन्द
कार्ड नंबर की जगह दिख रहा राशन कार्ड का नंबर
कई तरह की दिक्कतें आ रही, कार्ड बनाने का काम प्रभावित हो रहा, लोग नि:शुल्क उपचार से वंचित हो रहे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 अक्टूबर। एक महीने से महासमुंद जिले में आयुष्मान सेवा का हाल बेहाल है। लिहाजा आयुष्मान कार्ड से मरीजों का उपचार नहीं हो पा रहा है। जरूरतमंद मरीजों को निजी अस्पतालों में नगद भुगतान करना पड़ रहा है।
कहा जा रहा है कि सर्वर डाउन होने के कारण यह कार्ड आधार से लिंक नहीं हो रहा है। कार्ड डाउनलोड करने पर नॉट रिकॉर्ड तथा आयुष्मान कार्ड तथा राशन कार्ड का नंबर आने जैसी समस्या हो रही है। यही स्थिति छह माह पूर्व भी हुई थी, जब प्रदेश भर में सर्वर की समस्या शुरू हुई थी।
जानकार लोगों की मानें तो धारकों के पास जो कार्ड है, वह पुराने पोर्टल पर बना है। इसे नया पोर्टल एक्सेप्ट नहीं कर पा रहा है। फलस्वरूप दिक्कतें अधिक हैं। ऐसी स्थिति में रोजाना मरीजों और आयुष्मान ऑपरेटरों के साथ बहस होती रहती है। इस संबंध में उच्च तकनीशियनों को अवगत कराया गया है।
जानकारी मिली है कि पोर्टल में दर्ज कार्ड नंबर की जगह पर राशन कार्ड का नंबर दिख रहा है। ऐसे दर्जनों कार्ड में शिकायत मिल चुकी है। अब इसे सुधारने के लिए कार्ड को निरस्त कर नए सिरे से आवेदन दिया जा रहा है। जिला अस्पताल में आयुष्मान कार्ड बनाना करीब बंद कर दिया गया है।
इस संबंध में जैन नर्सिंग होम के संचालक डॉ.स्मित चोपड़ा का कहना है कि जिनका पुराना कार्ड है, वह खुल रहा है। लेकिन नया कार्ड लिंक नहीं होने की वजह से परेशानियां तो है। हमारे अस्पताल में 4 मरीज भर्ती हैं, लेकिन इनमें से 3 का आयुष्मान कार्ड लिंक नहीं है। मरीजों को परेशानियां तो हो रही है। लेकिन अब तक इस समस्या का हल नहीं निकल पाया है।
करीब एक माह से जिले के सरकारी और निजी अस्पतालों में 5 लाख रुपए का मुफ्त इलाज देने वाली योजना के तहत नए आयुष्मान कार्ड नहीं बन पा रहा है। इसकी वजह बताई जा रही है कि सॉफ्टवेयर को अपडेट किया जा रहा है। जिले के लोक सेवा केंद्रों, च्वाइस सेंटरों, मैदानी और जिला अस्पताल में पहले एक दिन में 50 कार्ड बन जाते थे। अब वहां पर मुश्किल से 5 कार्ड भी बन नहीं पा रहे हंै।
केंंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी इस जन आरोग्य योजना के तहत गरीब परिवार को प्रति वर्ष पांच लाख रुपए तक नि:शुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है। इसके तहत अब तक जिले के करीब 9 लाख 51 हजार लोगों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हंै। इस साल एक लाख 61 हजार लोगों ने इस कार्ड के जरिए नि:शुल्क उपचार का लाभ भी उठाया है। लेकिन बीते एक माह से पोर्टल में बदलाव किए जाने के बाद से नया कार्ड बनने में कई तरह की दिक्कतें आ रही है।
आयुष्मान कार्ड शाखा के ग्रुप लीडर फगेश्वर साहू ने बताया कि आयुष्मान कार्ड सबसे पहले बीआईएस पोर्टल के माध्यम से बनाया जाता था। यह शुरूवाती दौर रहा। इसके बाद सेतु पोर्टल के जरिए कार्ड बनाया जा रहा था। अब फिर से बीआईएस के न्यू वर्जन पोर्टल से कार्ड बनाया जा रहा है। जिसके अपडेट नहीं होने के कारण कई तरह की दिक्कतें आ रही हैं, इसलिए कार्ड बनाने का कार्य प्रभावित हो रहा है। साथ ही लोग नि:शुल्क उपचार से वंचित हो रहे हैं।