महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 17 अक्टूबर। बागबाहरा सीमा के पहले स्थित आरएन राइस मिल में बीती रात अज्ञात चोर ने 70 हजार नगद, तीन चांदी के सिक्के सहित चेकबुक की चोरी की है।
उल्लेखनीय बात यह रही कि दो चौकीदार सहित ड्रायवर मिल कैम्पस में थे, लेकिन उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी। सुबह सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी मिली है कि मिल संचालक कमल अग्रवाल भी उसी कैम्पस में रहते हैं। कमल अग्रवाल अग्रसेन जयंती कार्यक्रम के बाद सोमवार रात 12 बजे आकर अपने घर में सो गये।
मंंगलवार की सुबह लगभग साढ़े सात बजे घर से लगे ऑफिस में गये तो वहां कैश बॉक्स टेबल के नीचे से गायब दिखा। खोजबीन करने के बाद ऑफिस के पीछे टूटी अवस्था में मिला। उसमें 70 हजार रुपए के अलावा चांदी के तीन सिक्के, एक चेकबुक जिसमें तीन पन्ने हस्ताक्षरित थे, गायब मिले।
घटना की सूचना मिल मालिक ने तत्काल पुलिस को दी। कमल अग्रवाल ने बताया कि सीसीटीवी कैमरा ऑफिस में 12.38 बजे रात चोर का ऑफिस में बॉक्स ले जाने की घटना कैद है। पतले दुबले चोर ने मुंह में नकाब लगाया था। वह सीधे टेबल के पास जाकर बॉक्स को निकाला तथा अन्य किसी चीज को छुआ तक नहीं।
पुलिस को संदेह है कि चोर को इस बात जानकारी थी कि पैसे कहां रखे गए थे। पुलिस को मौका मुआयना के दौरान पता है कि चोर ऑफिस के पीछे गणपति पेट्रोल पंप की तरफ से दीवार फांदकर छत से होते हुए परिसर में प्रवेश किया है। चोरी के बाद ऑफिस के पीछे बॉक्स तोडक़र दीवार फांदकर बाहर निकला और फटे नोटों की गड्डी को फेंक दिया, जो तफ्तीश के दौरान मिली है। चौकीदार के बयान लेकर पुलिस जांच में जुट गई है। साइबर टीम भी इस में जुटी है।