महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17अक्टूबर। नगर पालिका परिषद सरायपाली में शनिवार को उपाध्यक्ष के विरोध में लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर मतदान किया गया। जिसमें केवल 1 मत के अंतर से अविश्वास प्रस्ताव ध्वस्त हो गया।
पूर्व में भी अध्यक्ष पद को लेकर कुछ पार्षदों द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। एक बार पुन: बीते शनिवार को साप्ताहिक अविश्वास प्रस्ताव ध्वस्त होने के बाद उपाध्यक्ष, अध्यक्ष सहित कांग्रेस पार्षदों ने उत्साह प्रकट किया है।
मालूम हो कि लगभग एक माह पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष सुशीला गंगाराम पटेल के विरूद्ध भाजपा पार्षदों सीता सतपथी, हितेश यादव एवं हेमवती यादव ने अविश्वास प्रस्ताव के लिए कलेक्टर महासमुंद को आवेदन दिया था। शनिवार को इस बाबत मतदान हुआ।
जिसमें एक मत से अविश्वस प्रस्ताव ध्वस्त हो गया। उपाध्यक्ष की जीत के बाद नपाध्यक्ष श्री पटेल, सभापति हरदीप सिंह रैना सहित उनके समर्थित पार्षदों में उत्साह देखा गया। मतदान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। विश्वास मत हासिल करने के बाद उपाध्यक्ष श्रीमती पटेल ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों को देखकर भाजपा के पार्षद इसे पचा नहीं पा रहे हैं। इसलिए हमेशा इस प्रकार के हथकंडे अपनाते रहते हैं।
लेकिन जीत हमेशा सच्चाई की ही होती है। उन्होंने अपनी जीत के लिए अध्यक्ष श्री पटेल, सभापति श्री रैना, सभी पार्षदों एवं मण्डी अध्यक्ष सीता पटेल का आभार प्रकट किया है।
इस दौरान अध्यक्ष अमृत पटेल ने कहा कि हमारे सभी पार्षद एकजुट हैं। निर्वाचन अधिकारी श्री वर्मा ने कहा उपाध्यक्ष के पक्ष में 8 एवं विपक्ष में 7 वोट पड़।
छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम की धारा 43 में जो प्रावधान हैं, उसके अनुसार उपाध्यक्ष के विरूद्ध में लाया गया अविश्वास प्रस्ताव खारिज हो गया।
इसके लिए मतदान की तिथि निर्धारित की गई थी। स्थानीय नपा परिसर में निर्वाचन अधिकारी अपर कलेक्टर दुर्गेश वर्मा एवं मुख्य नपा अधिकारी अशोक शर्मा की उपस्थिति में निर्धारित समय पर मतदान शुरू हुआ। नगर पालिका में कुल 15 पार्षद हैं। जिसमें से उपाध्यक्ष को अपना पद बचाने के लिए 6 पार्षदों के समर्थन की आवश्यकता थी।