महासमुन्द

वाहन चेकिंग अभियान: 299 चालकों से एक लाख जुर्माना वसूला
16-Oct-2023 4:23 PM
वाहन चेकिंग अभियान: 299 चालकों से एक लाख जुर्माना वसूला

महासमुंद,16 अक्टूबर। महासमुंद जिला पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान के तहत बिना नंबर, शराब पीकर वाहन चलाते, यातायात नियमों का उल्लंघन करते दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 299 वाहन चालकों से 1 लाख 8 हजार 200 रुपए समन शुल्क वसूल किया है। इसमें बिना नंबर के वाहन चलाने वाले 27 लोगों से 8100, रेड सिग्नल का उल्लंघन करने वाले 40 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 12 हजार रुपए समन शुल्क वसूल किया है।

इसी तरह अवैध पार्किंग में खड़े 7 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 21 सौ, गलत दिशा में वाहन चलाने वाले 41 वाहनों से 12 हजार 3 सौ, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 1 वाहन चालक से 10 हजार रुपए, बिना कागजात के वाहन चलने वाले 22 वाहन चालकों के विरुद्ध 66 सौ रुपए, बिना हेलमेट, बिना सीटबेल्ट के वाहन चलाने, तीन सवारी, मोबाइल से बात करते, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना के एवं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 161 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 67 हजार रुपए समन शुल्क वसूल किया है।

इसी तरह अवैध रेत परिवहन करने वाले ट्रैक्टर एवं हाइवा वाहनों को यातायात पुलिस ने पकड़ कर परिवहन विभाग को कार्रवाई के लिए सौंपा।

जिस पर परिवहन विभाग ने 2 हाइवा एवं 4 ट्रैक्टर पर कार्रवाई करते हुए 36 हजार रुपए समन शुल्क वसूल किया है। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों, ट्रैफि क सिग्नलों का पालन करने, बिना नंबर प्लेट के वाहन नहीं चलाने, तीन सवारी नहीं चलने, बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन नहीं चलाने  नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, बिना सीट बेल्ट के चारपहिया वाहन नहीं चलाने की समझाईश दी गई।


अन्य पोस्ट