महासमुन्द
पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11अक्टूबर। पिथौरा थानांतर्गत ग्राम पंचायत पिलवापाली क्षेत्र की एक आदिवासी महिला का पुलिस पर आरोप है कि घर घुसकर छेड़छाड़ करने वाले के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध करने में पुलिस ने दो सप्ताह लगा दिए और अपराध कायम होने के कई दिनों बाद भी आरोपी को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है। आरोपी गाहे-बगाहे जान से मारने की धमकी देते फिर रहा है और कहता है कि पुलिस में उल्टा मामला दर्ज करवा दूंगा। पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ठ ग्रामीणों के अलावा आदिवासी समाज के लोग घटना की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करने की तैयारी में हैं। प्रार्थिया का आरोप यह भी है कि पिथौरा थाना प्रभारी ने प्रार्थिया को धमकाते हुए कहा है कि आरोपी ने भी रिपोर्ट दर्ज कराया है, अत: प्रार्थिया पर भी कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में एसपी धर्मेन्द्र सिंह और अतिरिक्त एस पी आकाश राव गिरेपूंजे अनमिज्ञ हैं। छत्तीसगढ़ से बातचीत में उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं हैं अत: पिथौरा थानेदार ही बता पाएंगे। पितौरा थानेदार ने कहा कि इस मामले में आपराध दर्ज हो चुका है। किसी की गिरफ्तारी ऐसे ही नहीं होती है। पहले मामले में छानबीन तो करे लें।
पीडि़ता के साथ आदिवासी समाज एवम ग्रामीण महासमुंद छत्तीसगढ़ कार्यालय पहुंचे थे। पीडि़ता ने बताया-मैं अपने घर के समीप स्थित अपने पति की दुकान में बैठी थी। उसी दरमियान ग्राम का ही रामकुमार साहू मुझे दुकान में अकेला देख कर आया और चॉकलेट खरीदने के बहाने मुझसे पूछा कि आपके पति कहां हैं। मैंने कहा कि बाहर हैं। उतने में रामकुमार साहू दुकान के अंदर आया और हाथ बांह पकड़ कर मुझसे छेड़छाड़ करते हुए जबरदस्ती दूसरे कमरे तरफ घसीटने लगा। किसी तरह कोशिश कर मैंने अपने आप को छुड़ाया और बाहर निकल कर जोर-जोर से चिल्लाने लगी। गांववालों को बताया। इस दौरान आरोपी कहते रहा कि तुम आदिवासी गंवार क्या कर लोगी? ज्यादा हल्ला मचाया तो जान से मार दूंगा।
मैं चिल्लाती रही। गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे तो रामकुमार किसी को फोन करते हुए भाग खड़ा हुआ। वह कुछ समय बाद 112 में पुलिस वालों के साथ मेरे घर पहुंचा और मेरे पति के बारे में पूछने लगा। तब भी मेरे पति घर में नहीं थे। पुलिसवालों ने इसे गांव का मेटर है कहा और वहां से चले गए।
उसने बताया कि इसके बाद रात जब मेरे पति घर पहुंचा, मैंने अपने पति को सारी बात बताई। इसके बाद 28 सितंबर को में स्वयं थाने में पेश हो कर आवेदन दी। इस दौरान थाना प्रभारी मुझे लगातार धमकाते रहे कि तुम्हारे विरुद्ध लूट की शिकायत है। मैं कार्रवाई करूंगा। थाना प्रभारी की लगातार धमकी के बाद मेरे पति ने आदिवासी समाज के अध्यक्ष रनसाय ठाकुर को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुन: पूरे ग्रामीण एवम प्रत्यक्षदर्शी पवन यादव के साथ सामाजिक लोग थाना पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। सामाजिक लोगों की नाराजगी के कारण अंतत: आवेदन के पखवाड़े भर बाद ही आरोपी पर धारा 354 एवम 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी अब तक नहीं की गई है। खुले में घूम रहा आरोपी लगातार प्रार्थिया को गिरफ्तार कराने और जान से मारने की धमकियां देते फिर रहा है।