महासमुन्द

महासमुंद की सीटों पर भाजपा का नया दांव, जाति समीकरण नजरअंदाज
10-Oct-2023 3:38 PM
महासमुंद की सीटों पर भाजपा का नया दांव, जाति समीकरण नजरअंदाज

महासमुंद से योगेश्वर, बसना से संपत के नाम पर मुहर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 10 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी ने महासमुंद जिले के बचे हुए दोनों सीटों पर अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। सोमवार दोपहर महासमुंद विधानसभा से योगेश्वर राजू सिन्हा और बसना से संपत अग्रवाल के नामों की है। इस तरह सरायपाली से सरला कोसरिया, बसना से संपत अग्रवाल, खल्लारी से अल्का चंद्राकर और महासमुंद से योगेश्वर राजू चंद्राकर मैदान में हैं। कांग्रेस ने समाचार लिखते तक अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा नहीं की है, लेकिन राजनीतिक शतरंज पर मोहरें बिछ चुुकी हैं।

महासमुंद तथा बसना में भाजपा प्रत्याशियों के नामों की घोषणा होते ही उनके समर्थकों और भाजपा जनों ने चौक-चौराहों पर पटाखे चलाकर मिठाई बांटी। महासमुंद नगर आगमन पर पुष्प वर्षा कर बाजे गाजे के साथ योगेश्वर राजू सिन्हा का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। जिला भाजपा कार्यालय में सभा का आयोजन किया गया, वहीं बसना में भी जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने पटाखे बांटकर खुशी का इजहार किया। इस तरह चारों अधिकृत प्रत्याशियों के नाम घोषित कर भाजपा टिकट वितरण में आगे निकल चुकी है। जबकि कांग्रेस में अभी तक टिकट चयन को लेकर असमंजस की स्थिति है। हालांकि लोगों के बीच महासमुंद विधानसभा में वर्तमान विधायक विनोद चंद्राकर को टिकट मिलने की चर्चा है, लेकिन अधिकृत सूची जारी होने के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी। मालूम हो कि महासमुंद भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर राजू सिन्हा पार्टी के जिला उपाध्यक्ष हैं तथा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। 20 सालों में पहली बार भाजपा ने महासमुंद में कुर्मी और साहू कार्ड न खेलकर नया प्रयोग किया है। चौक-चौराहों पर बातें हो रही थी कि खल्लारी से कुर्मी कार्ड खेलकर अलका चंद्राकर को टिकट देने के बाद महासमुंद का टिकट इस बार गैर कुर्मी को जा सकता है। बसना में पार्टी ने जातिगत समीकरणों से परे जाकर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सम्पत अग्रवाल को टिकट दिया है।  श्री अग्रवाल नीलांचल सेवा समिति के संस्थापक हैं और इस समिति के जरिए ही पूरे विधानसभा क्षेत्र में सेवा कार्यों का संचालन करते रहे हैं। संपत ने 2018 के चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर भाजपा से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ा था और 50 हजार 027 वोट पाकर भाजपा प्रत्याशी को पीछे छोड़ा था। वहां से कांग्रेस जीती थी।

महासमुंद जिले के खल्लारी विधानसभा की बात करें तो सन् 1980 के चुनाव में लक्ष्मीनारायण इंदुरिया कांग्रेस से खल्लारी के पहले विधायक हुए। इसके बाद 1985 में लक्ष्मीनारायण इंदुरिया पुन:विधायक के रूप में काबिज हुए। इसके बाद 1990 में डा. रमेश जनता दल से विधायक बने। वर्ष 1993 और 1998 में भेखराम साहू 2 बार कांग्रेस से विधायक रहे। वर्ष 1999 के उपचुनाव में जनता दल से परेश बागबाहरा भाजपा से विधायक बने। 2003 के चुनाव में प्रीतम सिंग दीवान भाजपा से विधायक बने। वर्ष 2008 में परेश बागबाहरा कांग्रेस के टिकट से चुनाव लड़े और उन्होंने जीत हासिल की। साल 2013 में चुन्नीलाल साहू भाजपा के विधायक बने। जबकि 2018 में यहां कांग्रेस उम्मीदवार द्वारिकाधीश यादव 59 हजार मतों से जीते।

इसी तरह बसना विधानसभा में 1977 में बीएस लालबहादुर कांग्रेस के पहले विधायक बने और 1980 में वे कांग्रेस पार्टी में रहकर दुबारा विधायक बने। वर्ष 1985 में यहां से महेन्द्र बहादुर कांग्रेस से विधायक बने। वर्ष 1990 में लक्ष्मण जयदेव सतपथी जनता दल से विधायक हुए। 1993 में महेन्द्र बहादुर निर्दलीय के रूप में जीते और 1998 में फिर से महेन्द्र बहादुर कांग्रेस के विधायक बने। 2003 में बसना से डा.त्रिविक्रम भोई भाजपा के पहले विधायक बने। 2008 में फिर से कांग्रेस की वापसी हुई और देवेन्द्र बहादुर कांग्रेस के विधायक बने। वर्ष 2013 में रूपकुमारी चौधरी भाजपा के बैनर तले विधायक बनीं। इसके बाद फिर से 2018 में देवेन्द्र बहादुर कांग्रेस से विधायक बने।

इसी तरह सरायपाली विधानसभा क्षेत्र का पहला विधानसभा चुनाव 1977 में हुआ। यहां से मोहनलाल रामप्रसाद कांग्रेस पार्टी का बाना लेकर विधायक बने। वर्ष 1980 में कांग्रेस के ही मोहनलाल रामप्रसाद, 1985 में पुखराज सिंह निर्दलीय, 1990 में भाजपा के नरसिंग प्रधान, वर्ष 1993 में मोहनलाल चौधरी कांग्रेस, 1998 में देवेन्द्र बहादुर कांग्रेस, 2003 में त्रिलोचन पटेल भाजपा, 2008 में हरिदास भारद्वाज कांग्रेस और 2013 में रामलाल चौहान भाजपा के विधायक हुए। वर्ष 2018 के चुनाव में कांग्रेस ने थानेदार रहे किसम्त लाल नंद को मैदान में उतारा और वे विजयी रहे।

महासमुंद में इस बार उक्त दोनों दलों के अलावा आम आदमी पार्टी और बसपा का प्रभाव भी देखा जा रहा है। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी दमखम के साथ चुनाव लडऩे के मूड में है और कांग्रेस, भाजपा की ही तरह आम आदमी पार्टी के बड़े नेता सभाएं ले रहे हैं। विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होते ही राजनीतिक पार्टियों ने ताकत झोंकना शुरू कर दी है। हालांकि पिछले चार सालों में क्षेत्र में हुए विकास मसलन महासमुंद जिले में बैंक, बागबाहरा में व्यवहार न्यायालय की स्थापना, अनेक कच्ची सडक़ें, पक्की पुल पुलिया, नए धान खरीदी केंद्र, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम-हिंदी मीडियम स्कूल,मेडिकल कालेज, मुख्यमंत्री आवास जैसे मुद्दों पर मतदान माना जा रहा है।


अन्य पोस्ट