महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 अक्टूबर। ग्राम पंचायत मचेवा में 7.83 लाख की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर के प्रयास से सीसी रोड की सौगात मिली है। रविवार को जिला वनोपज संघ के अध्यक्ष प्रमोद चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में सीसी रोड निर्माण के लिए भूमिपूजन किया गया। इस दौरान श्री चंद्राकर ने कहा कि क्षेत्र में चहुंमुखी विकास कार्य के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।
रविवार को ग्राम पंचायत मचेवा में सीसी रोड निर्माण के लिए भूमिपूजन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यकम के मुख्य अतिथि जिला वनोपज संघ के अध्यक्ष प्रमोद चंद्राकर थे। अध्यक्षता बीज अनुसंधान समिति के संचालक दाउलाल चंद्राकर ने की। विशेष अतिथि के रूप में सोसाइटी अध्यक्ष किशन देवांगन मौजूद रहे। मुख्य अतिथि वनोपज संघ के अध्यक्ष श्री चंद्राकर ने पूजा अर्चना कर सीसी रोड निर्माण के लिए भूमिपूजन किया। मुख्य अतिथि श्री चंद्राकर ने कहा कि महासमुंद विधानसभा में संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर के नेतृत्व में सर्वांगीण विकास कराया जा रहा है। शहर के साथ ही गांवों में मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मांग पर संसदीय सचिव श्री चंद्राकर द्वारा सीसी रोड के लिए राशि स्वीकृत कराई गई है। जिससे उचित मूल्य दुकान मचेवा से परसकोल मार्ग तक सीसी रोड निर्माण कराया जाएगा। सीसी रोड निर्माण से ग्रामीणों को आवाजाही में सहुलियत हो सकेगी।
अध्यक्षीय संबोधन में बीज अनुसंधान समिति के संचालक दाऊलाल चंद्राकर ने कहा कि संसदीय सचिव व विधायक श्री चंद्राकर द्वारा प्राथमिकता के साथ विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
पौने पांच साल के कार्यकाल में सभी क्षेत्रों में समुचित विकास कराया गया है। इस अवसर पर प्रमुख रूप से ठेकेदार सोमेश दवे, गेमन साहू, विश्राम साहू, सखाराम साहू, हीरामन साहू, दीनदयाल साहू, किशोर ध्रुव, सेवकराम साहू, परदेशी देवांगन, परशुराम ध्रुव, संतराम देवांगन, छन्नू साह, मिलता साहू, अशोक ध्रुव, परमानंद साहू, विकास साहू, भीखम देवांगन, हितेश यादव, रामशरण यादव, नंदनी साहू, होमेश्वरी देवांगन, अश्वनी देवांगन, सीता साहू, द्रोपति साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।