महासमुन्द

भूख हड़ताल पर बैठीं 4 महिलाओं की तबीयत बिगड़ी
09-Oct-2023 4:22 PM
भूख हड़ताल पर बैठीं 4 महिलाओं  की तबीयत बिगड़ी

सात सूत्रीय मांगों को लेकर 12 दिनों से हड़ताल पर हैंं

महासमुंद, 9 अक्टूबर। पटवारी दफ्तर के समक्ष अपनी मांगों को लेकर पिछले 12 दिनों से हड़ताल कर रहीं महिलाएं पिछले 2 दिनों से भूख हड़ताल कर प्रदर्शन कर रही हैं। फलस्वरूप कल हड़तालियों में 4 महिलाओं की अचानक तबीयत खराब हो गई। महिलाओं का कहना है कि बीते 2 दिनों से 4 महिलाओं को तेज बुखार,सर्दी-खांसी की शिकायत शुरू हो गई है। 

मिली जानकारी के अनुसार सात सूत्रीय मांगों को लेकर धरना दे रहीं महिलाओं ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। इस बीच कल दूसरे दिन हड़ताली 4 महिलाओं को अचानक चक्कर व बुखार की शिकायत होने लगी। खबर मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरिपुंजे मौके पर पहुंचे। उन्होंने हड़तालियों को समस्याएं बताने कहा। साथ ही उन्हें कहा कि उन पर किसी भी प्रकार का अपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं किया गया है, बल्कि सुरक्षा को लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

इस बीच हड़तालियों के साथ 15 मिनट तक श्री गिरिपुंजे ने समस्याएं सुनी। मिली जानकारी के मुताबिक 10 दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल के बाद भी प्रशासन ने महिलाओं की सुध नहीं ली। फ लस्वरूप आंदोलनकारियों का आक्रोश बढ़ गया। जिसके चलते वे भूख हड़ताल शुरू कर प्रदर्शन कर रहे हैं। हड़तालियों द्वारा धरना स्थल पर ही खाना बनाया जा रहा है और वे पंडाल के नीचे ही रात गुजार रही हैं।

छत्तीसगढ़ माता वाहिनी के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रकला जांगड़े ने बताया कि उनका संगठन पिछले 15-20 वर्षों से लगातार नशा मुक्ति अभियान जनकल्याण कर रहा है। पुलिस प्रशासन द्वारा संगठन के सदस्यों को सहयोग प्रदान करने की बजाय सदस्यों पर फर्जी प्रकरण बनाकर कार्रवाई की जा रही है।

संगठन को शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है, इसलिए संगठन ने 7 सूत्रीय मांगों को लेकर 8 सितंबर को एकदिवसीय प्रदर्शन किया था। तब प्रशासन ने 7 दिन का समय मांगा था, लेकिन 17 दिन बाद भी कोई जवाब नहीं आया। फलस्वरुप महिलाएं अब भूख हड़ताल कर रही हैं।

हड़तालियों में बीती रात से प्रेमिन ध्रुव, मंजीत बरिहा, तुलसा दीवान तथा भारती ध्रुव को बुखार,सर्दी, खांसी तथा चक्कर की शिकायत आ रही है। हड़तालियों का कहना है की बीते 2 दिनों से इन महिलाओं ने कुछ भी नहीं खाया है। फलस्वरूप शरीर में कमजोरी आ रही है। अब तक प्रशासन की ओर से कोई भी जिम्मेदार अधिकारी ने हड़तालियों की सुध नहीं ली है।
 


अन्य पोस्ट