महासमुन्द
नुकसान का आंकलन होते ही रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी-आबकारी अफसर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 अक्टूबर। रायपुर रोड पर स्थित आबकारी विभाग की प्रीमियम वाइन शॉप में शनिवार की रात आग लग जाने से लाखों रुपए कीमती प्रीमियम शराब व अन्य सामान जल जाने का अनुमान है। विभाग के मुताबिक दुकान में करीब 1 करोड़ कीमती प्रीमियम शराब रखी हुई थी। फिलहाल आबकारी विभाग की ओर से रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। लिहाजा पुलिस ने अभी जांच शुरू नहीं की है।
पुलिस और आबकारी अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार बीती रात दुकान में ताला बंद कर स्टाफ घर चला गया था। बाहर सुरक्षा गार्ड सो रहा था। रात में ढाई बजे के करीब दुकान के भीतर से बोतलों के फूटने की तेज आवाजें आने से गार्ड की नींद खुली। ये आवाजें लगातार आती रहीं। गार्ड को माजरा समझ आते ही दुकान के स्टॉफ और पुलिस को उसने फोन लगाया। कोतवाली पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई।
गश्त पर होने के कारण तुमगांव थाना प्रभारी नीतेश ठाकुर भी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई। रविवार की सुबह कोतवाली टीआई शशांक पौराणिक व जिला आबकारी अधिकारी जायसवाल मौके पर पहुंचे। भूतल पर रेक और आलमारियों में डिस्प्ले के लिए रखी गई बोतलें आग से गर्म होने के बाद फूट-फूट कर नष्ट हो गई। जबकि स्टाक रजिस्टर जलने से बच गया। लेकिन प्रथम तल पर रखे स्टॉक को भी नुकसान हुआ है। आबकारी विभाग की ओर से पुलिस में रिपोर्ट फिलहाल दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस के अनुसार नुकसान का आंकलन करने के बाद रिपोर्ट कराई जाएगी।
जिला आबकारी अधिकारी श्री जायसवाल ने 2 दिन पूर्व ही महासमुंद जॉइन किया है। उन्होंने बताया कि दुकान में करीब 1 करोड़ कीमती प्रीमियम शराब थी। जलने के पहले दिन भर में 60-70 हजार रुपए की बिक्री हुई थी। उन्होंने बताया कि शार्ट सर्किट के कारण आग लगी है। उन्होंने यह भी बताया किआग से नुकसान आंकलन करने के बाद पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दे दी गई है।