महासमुन्द
आक्रोशित ग्रामीणों का चक्काजाम, बस चालक-परिचालक फरार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 अक्टूबर। कल सरायपाली/ लंबर थाना अंतर्गत ग्राम डोंगरीपाली के पास रायगढ़ से बसना की ओर से आ रहे एक बस ने एक मोटरसायकल व सायकल को ठोकर मार दी। जिससे मोटरसायकल में सवार एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई और तीन लोग घायल हो गए हैं।
घटना के पश्चात् बस चालक व परिचालक बस को छोडक़र फरार हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने सडक़ पर ही चक्काजाम कर दिया । ग्रामीणों से मिली जानकारी अनुसार ग्राम जिलाड़ी पुसौर निवासी चुन्नू, प्रेमकिशनसिदार एवं करमसिंह सिदार एक ही मोटरसायकल में किसी कार्य से ग्राम नारबंद आए हुए थे। वापसी में डोंगरीपाली के पास रायगढ़ की ओर से आ रही एक बस ने उनके मोटरसायकल को ठोकर मार दी। इसके अलावा बस ने एक सायकल सवार को भी अपने चपेट में ले लिया।
ठोकर से मोटरसायकल सवार चुन्नू की मौके पर ही मृत्यु हो गई। जबकि करम सिंह को इलाज के लिए ले जाने समय रास्ते में उसकी की मृत्यु हो गई। इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। आस पास के ग्रामीण तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे और 108 व 112 वाहन को फोन किया। वाहन के पहुंचने में विलंब होने के कारण घायलों के परिजन स्वयं अपने साधन से मृतक एवं घायलों को वहां से ले गए।
वाहनों के पहुंचने में विलंब होने पर ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर लगभग शाम 4.30 बजे वहां चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण कह रहे थे कि 108 व 112 वाहन के विलंब से पहुंचने के कारण उनकी मृत्यु हुई है। आखिरकार अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अभिषेक केसरी के वहां पहुंचे और ग्रामीणों को समझाईश दी। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया। श्री केसरी ने मृतकों व घायलों के लिए राहत राशि देने की बात कही गई है। समाचार लिखे जाने तक थाना सरायपाली में मामले की जांच जारी है।