महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 8 अक्टूबर। विधानसभा क्षेत्र खल्लारी अंतर्गत ग्राम घोच के ग्रामीणों ने उप स्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन की स्वीकृति होने पर संसदीय सचिव एवं विधायक खल्लारी द्वारिकाधीश यादव के निवास पहुंचकर धन्यवाद दिया एवं प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल के प्रति आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम घोच में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग विगत कई वर्षों से करते आ रहे थे, किंतु हमारी मांग पर किसी भी जनप्रतिनिधि ने गंभीरता पूर्वक ध्यान नहीं दिया। छत्तीसगढ़ में जैसे ही कांग्रेस की सरकार बनी, भूपेश बघेल जी मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाली सरकार से हमने पुन: संसदीय सचिव एवं विधायक खल्लारी द्वारिकाधीश यादव के समक्ष एक विश्वास और उम्मीद लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने की मांग रखी जिसे विधायक जी ने भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समक्ष रखी, जिसे मुख्यमंत्री ने तत्काल मंच से घोषणा की। आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वीकृति आदेश जारी हुआ है।
ग्रामीणों ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र खल्लारी के जनता की समस्या को ध्यान में रखकर गंभीरता पूर्वक दूर करने वाले पहले विधायक के रूप में द्वारिकाधीश यादव जी विधानसभा क्षेत्र खल्लारी को मिला है। हम समस्त ग्रामीण पुन: द्वारिकाधीश यादव जी को खल्लारी विधानसभा क्षेत्र की नेतृत्व सौंपने के लिए संकल्पित हैं।
इस दौरान पवन साहू, गिरिराज नेताम, पप्पू साहू, चेतन साहू, ललित साहू, अजीत खडिय़ा, गीता दीवान, दुर्गा साहू, तेज साहू, रामकुमार साहू, पीली बाई एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।