महासमुन्द

93 लाख से बनेगा नाला, नपाध्यक्ष ने किया भूमिपूजन
07-Oct-2023 3:16 PM
93 लाख से बनेगा नाला, नपाध्यक्ष ने किया भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 अक्टूबर।
शहर में मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नगरपालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने शहर के अयोध्या नगर से वार्ड में 2 स्थित मुक्तिधाम तक नाला निर्माण की योजना बनाई है। गुरुवार को निर्माण के लिए नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार चंद्राकर और पार्षदों की उपस्थिति में भूमिपूजन किया।

पालिका अध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने कहा कि शहर के विकास के प्रति वे प्रतिबद्घ हंै। शहर को संवारने में कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार का भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने बताया कि उक्त नाले का निर्माण शासन की अधोसंरचना मद से किया जा रहा है। नाले का निर्माण 93 लाख रुपए की लागत से होगा। 

उन्होंने कहा कि नाले के निर्माण से शहर में गंदे पानी की बेहतर निकासी होगी और इससे शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। श्रीमती महिलांग ने ठेकेदार को गुणवत्तापूर्ण निर्माण करने के निर्देश दिए। भूमिपूजन के दौरान पार्षद रिंकू चंद्राकर, सीएमओ टॉमसन रात्रे, सब इंजीनियर दिलीप कश्यप, चेम्बर ऑफ  कॉमर्स अध्यक्ष शंभू साहू, आकाश चंद्राकर सहित नागरिक उपस्थित रहे।

कई कार्यों का भूमिपूजन भी

नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग व उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार चंद्राकर सहित पार्षदों ने शहर के वार्ड 4 अयोध्या नगर में गुड शेफर्ड स्कूल मार्ग में 4 लाख रुपए और वार्ड 3 में 3.3 लाख रुपए की लागत से जर्जर सडक़ की मरम्मत के लिए और वार्ड 3 में पार्षद व उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार चंद्राकर की निधि से 4 लाख की लागत से वार्ड की एक गली के निर्माण के लिए भूमिपूजन किया। इसके अलावा जर्जर हो चुके शहर के विभिन्न मार्गों में 75 लाख रुपए की लागत से बीटी आई रोड डामरीकरण निर्माण के लिए भी भूमिपूजन किया गया। मार्गों के डामरीकरण करण का कार्य शासन की अधोसंरचना मद से किया जाएगा। 
इसमें गांधी चौक, सिविल लाइन सहित अन्य मार्ग शामिल हैं।


अन्य पोस्ट