महासमुन्द
शुक्रवार को गांव में तालाबंदी जैसी स्थिति रही, आंगनबाड़ी, स्कूल, पंचायत, पटवारी दफ्तर खुले लेकिन वहां लोग नहीं गए
ग्रामीणों ने पर्यावरण विभाग मेंसौंपा ज्ञाप , कहा-जनसुनवाई निरस्त किया जाए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,7 अक्टूबर। पिकाडिली एग्रो इंडस्ट्रीज डिस्टलरी प्लांट के विरोध में बेलटुकरी के ग्रामीणों ने अब असहयोग आंदोलन शुरू कर दिया है। फलस्वरूप कल ग्राम बेलटुकरी में तालाबंदी जैसी स्थिति रही। यहां के आंगनबाड़ी, स्कूल, पंचायत, पटवारी दफ्तर तो खुले लेकिन ग्राम का कोई भी व्यक्ति यहां नहीं गया। ग्रामीणों ने शासकीय स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अपने बच्चों को नहीं भेजा।
कल ही ग्रामीणों ने प्लांट के विरूद्ध नवा रायपुर अटल नगर स्थित पर्यावरण विभाग में भी ज्ञापन सौंपा है। जिसमें लिखा है कि आपसे मुलाकात से पहले महामसुंद कलेक्टर का घेराव कर अपनी बात रखी थी लेकिन कलेक्टर ने जनसुनवाई निरस्त करना मेरे अधिकार क्षेत्र से बाहर है कह दिया है। अत: आपसे निवेदन है कि जनसुनवाई निरस्त किया जाए। नहीं की स्थिति में विधानसभा चुनाव 2023 का बहिष्कार करेंगे।
मालूम हो कि इसे लेकर हाल ही में ग्रामीणों ने एनएच 353 पर चक्काजाम कर दिया था। इसके अलावा 3 अक्टूबर को रैली निकालकर कलेक्टोरेट का घेराव किया था। मिली जानकारी के अनुसार पिकाडिली उद्योग की जनसुनवाई निरस्त करने की मांग को लेकर बीते सप्ताह भर से बेलटुकरी के ग्रामीण जुटे हुए हैं। शुक्रवार को गांव में शासकीय कामकाज बुरी तरह से ठप रहा।
यहां स्थित आंगनबाड़ी में केवल कार्यकर्ता व सहायिकाएं दिखी। स्कूल में भी छात्र-छात्राओं के नहीं जाने की वजह से शिक्षक भी स्कूल में तालाबंद कर वापस लौट गए। यही स्थिति पटवारी दफ्तर तथा पंचायत की रही। पंचायत में किसी भी प्रकार का कामकाज नहीं हुआ। जिस राशन दुकान में हमेशा राशन लेने कतार लगी रहती थी, वहां एक भी उपभोक्ता दिखाई नहीं दिये।
सभी ग्रामीण वाहनों में भरकर रायपुर जाने की तैयारी में थे। लेकिन पुलिस ने ग्रामीणों की एक बस और एक कार को बेलटुकरी मार्ग पर घंटे भर रोके रखा। इस बीच पुलिस और ग्रामीणों के बीच बहस भी हुई। बाद इसके उन्हें रायपुर जाने की अनुमति मिली। तब ग्रामीण राजधानी के लिए रवाना हुए।
बेलटुकरी के ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम से 500 लोग राजधानी कूच करने वाले थे। इस हेतु ग्रामीणों द्वारा 1 बस तथा मालवाहकों की तैयारी थी। लेकिन बेलटुकरी से निकलते समय ही कच्ची सडक़ में पुलिस ने ग्रामीणों को रोक लिया। घंटे भर बाद 1 बस और 1 कार की अनुमति मिलने के बाद ग्रामीण राजधानी रवाना हुए और राजधानी जाकर पर्यावरण मंडल को ज्ञापन सौंपा।
सौंपे ज्ञापन में किसान नेता जागेश्वर जुगनू चंद्राकर, मानिकराम निषाद, मंधीर टंडन, चम्मन मार्कडेय, प्रवीण चंद्राकर ने शीघ्र ही जनसुनवाई निरस्त करने की मांग की है। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। पर्यावरण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी को सौंपे ज्ञापन में पिकाडिली एग्रो डिस्टलरी प्लांट की जनसुनवाई का ग्रामीणों ने खासा विरोध किया है। सरपंच, सचिव द्वारा लेटर पेड में लिखकर दिया गया है कि इस विषय में पंचायत बेलटुकरी द्वारा ग्रामसभा में अनुमोदन नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर का घेराव कर अपनी बात रखी थी। लेकिन कलेक्टर ने जनसुनवाई निरस्त करना मेरे अधिकार क्षेत्र से बाहर है कह दिया। ग्रामीणों ने क्षेत्रीय अधिकारी से मांग की है कि जनसुनवाई निरस्त किया जाए। नहीं की स्थिति में विधानसभा चुनाव 2023 का बहिष्कार करेंगे।


