महासमुन्द

महासमुंद: महिला मतदाताओं की तादात पुरुषों से साढ़े 11 हजार अधिक, इस बार 90 फीसदी मतदान का लक्ष्य, बड़े बुजुर्ग-ज्यादा दिव्यांग घर पर ही कर सकते हैं मतदान
05-Oct-2023 3:02 PM
महासमुंद: महिला मतदाताओं की तादात पुरुषों से साढ़े 11 हजार अधिक, इस बार 90 फीसदी मतदान का लक्ष्य, बड़े बुजुर्ग-ज्यादा दिव्यांग घर पर ही कर सकते हैं मतदान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,5 अक्टूबर। बुधवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में कलेक्टर प्रभात मलिक ने प्रेसवार्ता लेकर बताया कि महासमुंद जिले में वर्ष 2018 के मुकाबले 66 हजार 471 मतदाता बढ़े हैं। इनमें महिला मतदाताओं की तादात पुरुषों से 11 हजार 602 अधिक हैं। 

इस दौरान बताया गया कि कलेक्टोरेट में ही सभी चारों विधानसभाओं के नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं और 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाता की मांग पर उन्हें उनके घर में ही मतदान करने की अनुमित दी जा सकेगी। इस बार मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए पलायन रोकने पर खास ध्यान दिया जाएगा। 

पलायन रोकने के लिए गांवों में मनरेगा के काम शुरू किए जाएंगे साथ ही मजदूर दलालों की गतिविधियों पर भी पर नजर रखा जाएगा। इस बार मतदान का प्रशित 90 फीसदी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और शहरी मतदान पर ज्यादा फोकस किया जा रहा है। 

श्री मलिक ने बताया कि निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। विभिन्न टीमों का गठन कर लिया गया है और अभी प्रशिक्षण का दौर जारी है। पिछले वर्ष की तुलना में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप आदि गतिविधियों के माध्यम से अभियान चलाया जा रहा है। जिले में बिना भय और निष्पक्ष निर्वाचन के लिए जिला पुलिस का सहयोग लिया जा रहा है। साथ ही 50 प्रतिशत मतदान केन्द्रों में सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से लाइव प्रसारण की व्यवस्था की जा रही है। 

कलेक्टर ने कहा कि मतदान के पुनरीक्षण अवधि में 33 हजार 176 नए मतदाता पंजीकृत हुए हैं। अंतिम प्रकाशन में 8.53 लाख मतदाता पंजीकृत हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में निर्वाचक नामावली के द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के बाद 4 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। फ ोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अर्हता तिथि 01 अक्टूबर 2023 की स्थिति में दावा.आपत्ति 2 अगस्त 2023 से 11 सितम्बर 2023 तक लिया गया।

इसमें फ ार्म.6 के अंतर्गत 33 हजार 176,फाार्म.7 के अंतर्गत 8 हजार 872 फ ार्म प्राप्त हुए और उनका शत-प्रतिशत निराकरण किया गया है। इस तरह पुनरीक्षण अवधि में कुल 33 हजार 176 नए मतदाता पंजीकृत हुए। जिसमें से 18 से 19 वर्ष के 10 हजार 462 नए पंजीकृत युवा मतदाता हैं। पत्रकार वार्ता में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निर्भय साहू मौजूद थे।

कलेक्टर ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन 2023 अंतर्गत वर्तमान में महासमुंद जिले में 4 लाख 21 हजार 140 पुरुष, 4 लाख 32 हजार 742 महिला के साथ 20 तृतीय लिंग के मतदाता हैं। इस तरह जिले में कुल 8 लाख 53 हजार 902 मतदाता पंजीकृत हैं। इसमें से 25 हजार 677 मतदाता 18 से 19 वर्ष के युवा हैं। 80 से अधिक आयु वर्ग के 7 हजार 570 वरिष्ठ मतदाता, 5 हजार 288 दिव्यांग मतदाता और 375 सेवा मतदाता पंजीकृत हैं। 

जिले का लिंग अनुपात 1028 व ईपी रेशियो 67.46 प्रतिशत है। महासमुंद जिले में कुल 3 हजार 472 कमजोर जनजाति समुदाय पीवीटीजीएस के व्यक्ति निवासरत हैं। जिसमें से 1862 व्यक्ति 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के हैं। जिनका शत.प्रतिशत मतदाता सूची में नाम पंजीकृत किया गया है। इस पत्रकार वार्ता में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के जिला प्रतिनिधि सहित निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी मौजूद थे। 

कलेक्टर ने ली राजनीतिक दलों की बैठक 
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक ने विधानसभा निर्वाचन 2023 अंतर्गत मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की बैठक भी ली। बैठक में मतदाता सूची की सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराया गया एवं मतदाता सूची संबंधित जानकारी दी गई। इस दौरान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के दाऊलाल चंद्राकर, भारतीय जनता पार्टी के येतराम साहू, बहुजन समाज पार्टी के हंसाराम ए सी पी आई एम के चंद्रशेखर सिंह एवं आम आदमी पार्टी के भूपेन्द्र चंद्राकर मौजूद थे।


अन्य पोस्ट