महासमुन्द
महासमुंद, 5 अक्टूबर। नगर के समस्त दुर्गा उत्सव समितियां की बैठक समस्त हिंदू संगठनों एवं सर्व हिंदू समाज के साथ राम जानकी मंदिर परिसर में आहुत की गई, जिसमें सभी दुर्गोंत्सव समितियों के अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य सम्मिलित हुए।
बैठक में प्रमुख रूप से नगर पुरोहित, पंकज तिवारी, जवाहर त्रिवेदी, प्रभात उपाध्याय, नारायण दास वैष्णव, सर्व हिंदू समाज से देवेंद्र दुबे, आर एस चंद्राकर के साथ अन्य सदस्य भी शामिल हुए। नगर पुरोहित पंकज तिवारी ने देवी की अराधना एवं विसर्जन हेतु शास्त्र सम्मत विषय दुर्गा उत्सव समितियों के मध्य रखी। स्थापना से लेकर विसर्जन, कन्या पूजन की अनिवार्यता बताई। कहा कि देवी आराधना के साथ गरबा उत्सव समिति द्वारा अश्लील फिल्मी गानों के साथ फुहड़ता परोसा जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
इस दौरान सर्व हिंदू समाज एवं अन्य संगठनों ने दुर्गा उत्सव समितियों द्वारा गरबा के नाम पर फूहड़ता बर्दाश्त नहीं करने का प्रस्ताव पारित किया। गरबा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवहारिक ड्रेस पहनने पर भी पूर्ण रूप से रोक लगाया जाएगा। हम अपने देवी देवताओं की आराधना अपनी संस्कृति के अनुसार करेंगे। वर्तमान में सनातन संस्कृति को विकृत किया जा रहा है जिससे हमारे समाज में विकृतियां उत्पन्न हो रही हैं।
देवी उपासना को लोग गरबा के चक्कर में नजर अंदाज करने लगे हैं।
बैठक में सभी दुर्गा उत्सव समिति, सर्व हिन्दू समाज एवं विभिन्न हिन्दू संगठन के सदस्य उपस्थित थे।