महासमुन्द

कृषि भूमि का पट्टा देने की मांग को लेकर कुहरी के ग्रामीण कलेक्टोरेट पहुंचे
04-Oct-2023 3:29 PM
कृषि भूमि का पट्टा देने की मांग को लेकर कुहरी के ग्रामीण कलेक्टोरेट पहुंचे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 4 अक्टूबर। कृषि भूमि का पट्टा देने की मांग को लेकर ग्राम कुहरी के ग्रामीण मंगलवार को कलेक्टोरेट पहुंचे। ग्रामीणों ने अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द पट्टा देने की मांग की। उन्होंने जल्द पट्टा नहीं देने पर विधानसभा चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी।

ग्रामीणों ने बताया कि वे सभी गरीब आदिवासी मजदूर हैं। वर्ष 2003 में शासन-प्रशासन द्वारा कोडार डेम के डुबान क्षेत्र में आने के कारण उन्हें ग्राम कुहरी में बसाया गया था। 20 वर्षों से वे शासकीय भूमि पर कृषि कार्य करते आ रहे हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक बीस साल पहले शासन-प्रशासन द्वारा उन्हें उक्त भूमि का पट्टा देने का आश्वासन दिया गया था। ग्रामीणों को आवासीय मकान का पट्टा मिल गया है।  लेकिन कृषि भूमि का पट्टा आज तक नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि पट्टे की मांग लेकर जनपद पंचायत से लेकर क्षेत्रीय विधायक व मंत्रियों को भी आवेदन देकर गुहार लगा चुके हैं, लेकिन सुनवाई कहीं भी नहीं हो रही है।


अन्य पोस्ट