महासमुन्द
गलियों के जाम में घंटों फंसे रहे लोग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 अक्टूबर। तुमगांव के समीप हाइवे किनारे साल भर से अधिक समय से आंदोलन कर रहे किसानों और महिलाओं ने कल शाम सैकड़ों की संख्या में महासमुंद आकर संसदीय सचिव व स्थानीय विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर के निवास कार्यालय के समक्ष हाइवे 353 के बीच बैठकर करीब 4 घंटे चक्काजाम किया। इससे यातायात व्यवस्था ठप रही।
ओडिशा, रायपुर, तुमगांव से आने और जाने वालों को दूसरे रास्ते का सहारा लेना पड़ा। साथ ही शहर की गलियों व दूसरे रास्ते में भी घंटों जाम में लोग फंसे रहे। शहर के भीतर और बाहर जाने वाले तीनों रास्तों में वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इस आंदोलन में भोरिंग के ग्रामीणों ने भोरिंग को पंचायत को नगर पंचायत नहीं बनाने की मांग कर रहे थे, जबकि करणीकृपा संयंत्र से जुड़ी कथित अनियमितताओं की बातें भी जारी थी।
कल मध्यान्ह करीब 3 बजे आंदोलनकारी लोहिया चौक से नारेबाजी करते मुख्य मार्ग से विधायक निवास की ओर निकले। पुलिस ने पहले ही विधायक निवास के सामने गली के मुहाने पर बेरिकेड्स लगाकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध कर रखे थे। रैली वहां पहुंची तो आंदोलनकारियों ने विधायक श्री चंद्राकर से चर्चा कर ज्ञापन सौंपने की मांग रखी। लेकिन श्री चंद्राकर कांग्रेस की भरोसा यात्रा में शामिल होने के कारण घर पर नहीं थे। उनसे मिलकर बात करने की जिद पर अड़े सैकड़ों आंदोलनकारी बस स्टैंड के सामने हाइवे 353 पर ही बैठ गए और नारेबाजी करने लगे।
इसी बीच विधायक निवास कार्यालय से विधायक प्रतिनिधि के रूप में कार्यालय सहायक यदुनाथ पांडे तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता दाऊलाल चंद्राकर बाहर आए और आंदोलनकारियों से बात करने की कोशिश की। लेकिन आंदोलनकारी विधायक से ही चर्चा करने की जिद पर अड़े रहे। पुलिस अफसरों ने भी अनेक बार समझाइश दी, लेकिन आदोलनकारी नहीं माने और हांइवे ब्लॉक कर बीच सडक़ पर सभा करते रहे।
सभा को बुजुर्ग किसान नेता जागेश्वर साहू, अशोक कश्यप, पूर्व सरपंच डिगेश्वरी चंद्राकर, राधेश्याम साहू, लालाराम आदि ने संबोधित कर कांग्रेस सरकार और विधायक के विरुद्ध नारे लगवाए। शाम को तेज बारिश के दौरान बादलों की तेज गर्जना और बिजली गुल होने के बाद भी आंदोलनकारी सडक़ पर गीले कपड़े में डटे रहे। अंधेरा होने के बाद भी महासमुंद से अपने-अपने गांव जाने की चिंता छोड़ महिलाएं मासूम बच्चों के साथ सडक़ पर डटी रहीं। उनका कहना था कि विधायक से बात नहीं होगी तो वे रात भर यहीं सडक़ पर रहेंगी। पुलिस अफसर भी बल के साथ 4-5 घंटे ड्यूटी पर डटे रहे। आंदोलन के चलते आसपास की दुकानों का व्यवसाय भी प्रभावित रहा। भरोसा यात्रा खत्म कर देर शाम संसदीय सचिव व विधायक विनोद चंद्राकर पहुंचे। वरिष्ठ नेता दाऊलाल चंद्राकर, पूर्व नपा उपाध्यक्ष द्वय मनोजकांत साहू व त्रिभुवन महिलांग आदि की उपस्थिति में पहले भोरिंग के ग्रामीणों से चर्चा हुई। ग्रामीण चाहते हैं कि भोरिंग नगर पंचायत नहीं बने। उन्होंने इस संबंध में ज्ञापन भी दिया। श्री चंद्राकर ने कहा कि जैसा ग्रामीण चाहते हैं वैसा होगा। ग्रामीणों ने लिखित में मांगा तब विधायक ने लिखित में दिया कि आम सभा, दावा-आपत्ति जैसी प्रक्रियाओं के बाद ही भोरिंग को नगर पंचायत का दर्जा दिया जाएगा। आम सभा में जो निर्णय ग्रामीणों द्वारा लिया जाएगा,उससे वे सहमत होंगे। इसके बाद करणीकृपा संयंत्र से जुड़े मामलों में चर्चा हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि नायब तहसीलदार की उपस्थिति में संयंत्र के बााउंड्रीवाल के भीतर किसानों की जमीन की जांच होगी। सही पाए जाने पर आम रास्ता खोला जाएगा। बाहरी लोगों को संयंत्र में काम देने तथा स्थानीय को नहीं देने की शिकायत पर उद्योग विभाग से मिली सूचना दिखाई गई तथा काम करने के इच्छुक स्थानीय लोगों की सूची मांगी गई। कोडार बांध का पानी संयंत्र को देने का अनुबंध नहीं होने की जानकारी देते हुए विधायक की ओर से जल संसाधन विभाग का 11 गई। सितम्बर 2023 का पत्र दिखाया गया जिसमें बताया गया है कि ऐसा कोई अनुबंध नहीं हुआ है।
मालूम हो कि अधिक समय से छग संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले आंदोलन कर रहे किसान, महिलाएं कल तीसरी बार संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर के निवास पहुंचे थे। इस दफे उनके साथ भोरिंग के किसान और महिलाएं भी सैकड़ों की संख्या में शामिल हुए थे। बीते दिनों मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भोरिंग को नगर पंचायत बनाने की घोषणा की थी।