महासमुन्द

वायरल, टायफाइड, उल्टी-दस्त के मरीज लगातार बढ़ रहे
01-Oct-2023 3:13 PM
वायरल, टायफाइड, उल्टी-दस्त के मरीज लगातार बढ़ रहे

महासमुंद मेडिकल कॉलेज बीते माह डेंगू के 2 मरीज मिले 

अस्पतालों में बिस्तर की कमी 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 अक्टूबर।
वायरल बुखार, टायफाइड तथा उल्टी.-दस्त के मरीजों की लगातार बढ़ रही संख्या के चलते शहर के अस्पतालों में अब बिस्तर की कमी होने लगी है। इन मौसमी बीमारियों के बीच मेडिकल कालेज महासमुंद में भी बीते माह डेंगू के 2 मरीज मिले हैं। जिन्हें राजधानी रिफर किया गया है।

महासमुंद के  मेडिकल कालेज के अलावा अन्य अस्पतालों में माह भर से वायरल फीवर के मरीज अधिक पहुंच रहे हैं। इनमें से अनेक मरीज गंभीर अवस्था में भर्ती हैं। ऐसी स्थिति में मेकाहाम में बेड कम पड़ रहे हैं। चिकित्सकों को रोजाना नये मरीजों की भर्ती के लिये बेड खाली कराना पड़ रहा है या फिर अन्य विभागों के बेडों को उपयोग कर मरीजों को भर्ती करना पड़ रहा है। यह स्थिति केवल मेडिकल कॉलेज ही नहीं है बल्कि जिले के ब्लॉकों में भी है। 

मालूम हो कि पिछले माह भर से कभी बारिश, कभी धूप तथा कभी एकाएक तापमान गिरने की वजह से जिले भर में वायरल फीवर कहर बरपा रहा है। इसके चलते रोजाना मेडिकल कॉलेज सहित जिले भर के शासकीय अस्पतालों में बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। ंफलस्वरूप मेडिकल कॉलेज में बेड कम पड़ रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज में कुल 355 बेड हैं। इनमें से 130 बेड फीवर तथा निमोनिया के लिए है। त्वचा रोगियों की संख्या भी बढ़ी है। चिकित्सकों से मिली जानकारी के अनुसार सितम्बर माह में यहां डेंगू के कुल 5 संभावित मरीज पहुंचे थे। जिनकी किट से जांच की गई तो 2 पॉजिटिव मिले और उन्हें तत्काल रायपुर रिफर किया गया था। 

चिकित्सकों के मुताबिक महासमुंद में पीबीसी जांच की सुविधा नहीं है। यह राजधानी रायपुर में ही होता है। जिससे कन्फर्म हो पाता है कि संभावित मरीज को डेंगू है या नहीं। अब तक यहां केवल 2 ही डेंगू के मरीज मिले हैं। तेज बुखार वाले व्यक्ति की टायफायड व कोरोना  जांच की जा रही है। मरीजों में ज्यादातर 35 से 45 वर्ष के लोग शामिल हैं। 

डॉ.कुलवंत आजमानी चिकित्सा अधिकारी मेकाहम के अनुसार महासमुंद ओपीडी में रोजाना 400 मरीज आ रहे हैं। चिकित्सक मरीजों को उचित सलाह दे रहे हैं। बीते दिनों बारिश के बाद हुए मौसम में बदलाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में विभिन्न रोगों से ग्रसित मरीजों की लंबी कतार लगी रही।

सर्दी के साथ.साथ पेट दर्द, बुखार के मरीज अधिक पहुंच रहे हैं। अभी 2 दिनों से उल्टी-दस्त के भी मरीज पहुंच रहे हैं। हालांकि पर्याप्त दवाएं एंटी बॉयटिक होने की वजह से चिंता वाली स्थिति नहीं है। 
 


अन्य पोस्ट