महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 सितम्बर। इस वर्ष चातुर्मास की आराधना संपन्न कराने हेतु अपनी निश्रा प्रदान करने स्थानीय श्वेताम्बर जैन मंदिर प्रांगण स्थित लूनिया भवन में विराजित पपू.संवरबोधि की प्रेरणा से छोटे बड़े सभी तपस्याओं का क्रम जारी है। जिसके अंतर्गत गोलछा परिवार की बेटियां, सगी बहनें कोमल गोलछा एवं भक्ति गोलछा सुपुत्री गुमान मोनिका गोलछा ने क्रमश: 37 एवं 34 उपवास की कठोर तपस्या संपन्न की है।
इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता राहुल बोथरा ने बताया कि जैन धर्म में मासक्षमण की तपस्या को बहुत ही उच्च दर्जा प्रदान किया ली गया है। जिसमें निरंतर 30 दिन तक आहार के रूप में सिमित समय पर सिर्फ गर्म पानी का सेवन किया जाता है। पूरा समय धर्म, ध्यान, साधना, आराधना, परमात्मा एवं गुरुदेव की भक्ति तथा स्वाध्याय में व्यतीत किया जाता है।
इसी क्रम में महासमुंद नगर की दो सगी बहनें कोमल एवं भक्ति गोलछा ने बहुत ही कम उम्र में इस मासक्षमण तपस्या की आराधना संपन्न की है। कोमल एवं भक्ति के मासक्षमण तपस्या अनुमोदनार्थ गोलछा परिवार द्वारा जैन श्री संघ के तत्वावधान में पूज्य साध्वीवृंदों के सानिध्य में 23 एंव 24 सितंबर को दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
जिसके अंतर्गत 23 सितंबर को दोपहर 3 बजे वल्लभ भवन पर मंगल गीत जिसमें एंकर पलक बरडिय़ा द्वारा गुरुदेव के चमत्कारों की संवेदना प्रस्तुत की गई। रात्रि 8 बजे से निवास स्थान पर प्रभुभक्ति का आयोजन रखा गया। जिसमें खरियार रोड से आमंत्रित मणिधारी जैन मंडल एवं स्थानीय भजन गायकों द्वारा सुमधुर भजनों से परमात्मा की भक्ति की गई। 24 सितंबर को राजनांदगांव से आमंत्रित कलाकार वंदना द्वारा तपस्या अनुमोदनार्थ तप बंदनावली का आयोजन वल्लभ भवन रखा गया। इसी दिन 11 बजे तपस्वी बहनों का घरघोड़ा जैन मंदिर से निकली। दोपहर 12 बजे से गांधी चौक पर स्थित शांतिनाथ जैन भवन में गोलछा परिवार द्वारा स्वामी वात्सल्य का आयोजन रखा गया।