महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 सितम्बर। एम्बुलेंस सेवा के टेंडर को निरस्त करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर 102 महतारी एम्बुलेंस के कर्मचारियों ने मोर्चा खोलते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दिया है। कर्मचारियों के हड़ताल के चलते एम्बुलेंस के पहिये थम गए हैं और मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि 108 व 102 एम्बुलेंस सेवा छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी योजना या सुविधाओं में से एक है। इन
एम्बुलेंस के संचालन ने हजारों लाखों लोगों को काफी राहत पहुंचाई है। खासकर गरीब तबके के लोग जो पैसों के अभाव में निजी या प्राईवेट एम्बुलेंस कराने में अक्षम बैनर तले रहे हैं। ऐसे लोगों के लिए एम्बुलेंस की घर पहुंच सेवा किसी वरदान से कम नहीं है।
लेकिन एम्बुलेंस के कर्मचारियों की भी सरकार से कई अपेक्षाएं हैं। हालांकि अपनी मांगों को लेकर कर्मचारी समय समय पर सरकार का ध्यान आकर्षित कराते रहे हैं, लेकिन मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिये जाने के कारण अब एम्बुलेंस कर्मचारी भी
आंदोलन की राह पर चल पड़े हैं। अपनी मांगों को लेकर छग संजीवनी 102 कर्मचारी कल्याण संघ 20 सितम्बर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं।