महासमुन्द
महासमुंद, 27 सितम्बर। जिला रोजगार व स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र में स्नातक उत्तीर्ण युवा बेरोजगारों को बैंकिंग सेक्टर में जॉब का अवसर प्रदान करते हुए मंगलवार को प्लेसमेंट कैंप लगाया गया। कैंप सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक लगा। प्लेसमेंट कैम्प के माध्यम से निजी क्षेत्र के नियोजक नीट लिमिटेड द्वारा रिलेशनशिप मैनेजर आईसीआईसीआई बैंक के 20 पद एवं वर्चुअल रिलेशनशिप मैनेजर एक्सिस बैंक के 10 पद के लिए साक्षात्कार लिया गया।
इसमें आवेदकों को 12वीं एवं स्नातक में 50 प्रतिशत से अधिक अंक से उत्तीर्ण होना अनिवार्य था। साथ ही उम्र सीमा 18 से 25 वर्ष तक तय की गई थी। रोजगार कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार कुल 30 पदों के लिए 83 युवाओं ने आवेदन किया है। सभी का साक्षात्कार लिया गया। अब आगे की प्रक्रिया ऑनलाइन मोड पर होगी। उसके बाद योग्य उम्मीदवार का चयन किया जाएगा। जुलाई माह में आयोजित बैकिंग सेक्टर के प्लेसमेंट कैंप में अलग-अलग पदों के लिए 4 लोगों को चयन हुआ था। कुछ दिन पहले हुए एक ऑनलाइन शापिंग कंपनी के प्लेसमेंट कैंप में केवल 10 लोग ही पहुंचे थे। इस बार बैकिंग सेक्टर का जॉब होने के कारण युवाओं की भीड़ उमड़ पड़ी।