महासमुन्द
महासमुंद, 27 सितम्बर। पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के ऑनलाइन फॉर्म प्रक्रिया में तकनीकी समस्या आ रही है। नए विद्यार्थियों का फॉर्म सबमिट हो रहा है और नवीनीकरण का ऑप्शन फिलहाल ओपन नहीं हो रहा है। इसलिए नवीनीकरण वाले विद्यार्थियों को सर्वर में सुधार होने का इंतजार करना पड़ रहा है। इसलिए बार-बार उन्हें चॉइस सेंटरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
मलूम हो कि शासन द्वारा कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों को पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। सत्र 2023.24 के लिए आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा 8 सितंबर को सूचना प्रकाशित की गई। इसके तहत विद्यार्थियों को 15 सितंबर से 10 अक्टूबर तक ऑनलाइन पंजीयन कराना है। ऑनलाइन फॉर्म की प्रक्रिया शुरू हुए 12 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक नवीनीकरण वाले विद्यार्थी फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं। ऐसे विद्यार्थी जो कॉलेज में प्रथम वर्ष को छोडक़र अन्य कक्षा में हों, अर्थात जिन्होंने पहले भी छात्रवृत्ति ली है, उनको सिर्फ नवीनीकरण करना है। हालांकि अभी भी 14 दिन का समय शेष है। पर छात्रवृत्ति के पात्र विद्यार्थियों की संख्या अधिक है। ऐसे में अंतिम तिथि से पहले ही पोर्टल में लोड भी बढ़ जाएगा। सर्वर की समस्या का जल्द निराकरण नहीं होने पर नवीनीकरण वाले विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ सकती है।