महासमुन्द

कोलता समाज का नुआखाई सह सम्मान समारोह
26-Sep-2023 3:09 PM
 कोलता समाज का नुआखाई  सह सम्मान समारोह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 सितम्बर।
बाबा बिशासहे कुल कोलता समाज का ग्राम बगाईजोर सरायपाली में वृहद रूप से नुआखाई सह सम्मान समारोह का आयोजन रखा गया। जिसमें आंंचलिक सभा सरायपाली, बसना, पिथौरा एवं रायपुर से बड़ी संख्या में सामाजिक जनों,ओडि़शा के सामाजिक प्रतिनिधि भी सम्मिलित हुए। सर्वप्रथम मां रामचंडी की पूजा अर्चना कर सम्मेलन का शुभारंभ किया गया।

स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए सरायपाली आंचलिक अध्यक्ष प्रदीप साहू ने कहा कि समाज को विकास के पथ पर ले जाने के लिए समाज के जाति भाई बहनों को आगे आना होगा। उन्होंने ग्राम अमेलडीह के सामाजिक बंधुओं द्वारा सामूहिक रूप से मनाए जाने वाले नुआखाई मिलन समारोह का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने समाज के सामने एकता और आपसी सद्भावना का जो मिसाल पेश किया है उससे प्रेरणा लेकर हम सबको आपसी सद्भावना का सुंदर परिवेश का निर्माण करना होगा। तभी समाज का विकास संभव होगा।

महामंत्री मथामणि बढ़ाई ने समारोह में पधारे समस्त सामाजिक बंधुओं को नुआखाई की शुभकामनाएं देते हुए कहा की किस तरह के आयोजन से लोगों में आपसी भाईचारे की भावना जागृत होती है तथा एक दूसरे को समझने का अवसर भी मिलता है। संरक्षक हरिचरण प्रधान ने कहा कि नुआखाई मिलन समारोह को इस वर्ष पुन प्रारंभ करने के लिए सरायपाली आंचलिक शाखा सभा, झिलमिला शाखा सभा एवं समस्त शाखा सभापति बधाई के पात्र हैं।

पहले यह सम्मेलन संक्षिप्त रूप से होता था मगर इस बार यह आयोजन वृहद एवं भव्य रूप से हो रहा है। आज के इस समारोह में सम्मानित हो रहे विभिन्न क्षेत्र के प्रतिभाओं को देखकर पूरा समाज गौरव की अनुभूति कर रहा है। आज हमारा समाज शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, व्यापार,तकनीकी सहित हर क्षेत्र काफी प्रगति की है। पहले किसी डॉक्टर इंजीनियर को सम्मानित करने के लिए योग्य पात्र नहीं मिलते थे मगर आज हमारे बच्चे टॉप टेन में नाम दर्ज करा कर एवं गोल्ड मेडलिस्ट के रूप में अपना परचम लहरा रहे हैं। 

मेडिकल, खेल के क्षेत्र में भी बड़ी उपलब्धि हासिल कर रहे हैं।
गिरधारी साहू ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि समाज के विकास और उत्थान के लिए जो नियमावली बनाया गया है उसे पालन करना आवश्यक है। गिधली, आरंगी, रसोड़ा, तोरेसिंहा, रोहिना, बंझापाली, लोरीतखार शाखा सभा में बैठक लेकर सामाजिक नियमावली का पालन करने का निर्णय ले चुके हैं। उन्होंने नारी समाज को आह्वान करते हुए कहा कि सामाजिक नियमावली को पालन कराने में उनकी बड़ी भूमिका हो सकती है। महिलाएं जब तक आगे नहीं आएंगी तब तक सामाजिक नियमावली का सही रूप से पालन नहीं हो सकता। उन्होंने सामाजिक जनों से सामाजिक आयोजनों में मांस मछली का उपयोग नहीं करने आह्वान किया।

उन्होंने महिलाओं से मुखातिब होते हुए कहा कि घरों में दसमी,नुआखाई, एकादशी गुरुवार के दिन हम अपनी कुलदेवी की पूजा करते हैं। उस दिन जब मांस मछली नहीं करते तो फिर विवाह के दिन क्यों करते हैं। जबकि इस दिन भी हम अपनी कुलदेवी की पूजा करते हैं। उन्होंने सामाजिक आयोजन को भी धार्मिक आयोजन समझकर मांसाहार को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित करने की अपील की। जब तक हम सब एक नहीं होंगे, एक दूसरे का सहयोग नहीं करेंगे, समाज का विकास नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि महिला शक्ति, ग्राम सभा सदस्य एवं युवा हमारे समाज की रीढ़ हैं। सम्मेलन को गायत्री साहू, ओडि़शा से पधारे जोगेंद्र भोई, डॉ परशुराम बारीक आदि ने भी संबोधित किया। बगाईजोर में आयोजित नुवाखाई मिलन समारोह में विभिन्न क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। इनमें दसवीं बोर्ड टॉप 10 बिंदिया प्रधान, रश्मि प्रधान, सीबीएसई टापर अनीष प्रधान, युक्ति शिखा साहू, 12वीं बोर्ड कु पंकजानी प्रधान,शुभम,आईसीई बोर्ड पूर्वी सामल, परिणीता प्रधान, नीट उत्तीर्ण अन्नपूर्णा साहू, पंकज प्रधान, प्रखर भोई, सुमित भोई, निलेश प्रधान, आनंद भोई, पीएससी के माध्यम से सहायक अध्यापक नियुक्त डॉ पीयूष प्रधान, गोल्ड मेडलिस्ट अलका रानी प्रधान, पीएचडी होल्डर डॉ पूनम संजू साहू, डॉ प्रेमेंद्र कुमार साहू, राज्य स्तरीय खिलाड़ी कु वर्षा बारिक, राष्ट्रीय खिलाड़ी मनोज प्रधान, आनंद भोई, वर्षा भोई, हिमांशु भोई, उत्कृष्ट शिक्षक जयंत बारीक, ऋषि प्रधान, सेवा शंकर साहू, अनिल प्रधान, कृषक सुरेश साहू, व्यापारी नरेंद्र बारिक, सामाजिक कार्यकर्ता विनय प्रधान, पर्यावरणविद तेजकुमार प्रधान, मैकेनिक मुरारी प्रधान, महिला कार्यकर्ता गायत्री साहू, सभापति विनोद बारिक, चिकित्सक डॉ विजयशंकर भोई, वादक जगत प्रधान, गायक पंकजनी साहू, पुलिस सेवा टिकेलाल भोई, सेवानिवृत्त सैनिक विश्वजीत प्रधान, शहीद वीरेश साहू, सामाजिक कार्यकर्ता प्रमोद प्रधान, सामाजिक कर्मचारी सुरेश सामल शामिल हैं। इन सभी को स्मृति चिन्ह, अंग वस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान हजारों लोग उपस्थित थे। 
 


अन्य पोस्ट