महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 सितम्बर। युवक गुरु प्रेम साहू ने मरणोपरांत अपने देहदान की घोषणा की है। वर्तमान में वे पशु चिकित्सा विभाग में पशु परिचालक के पद पर हैं।
जिले में आयुष्मान भव कार्यक्रम के तहत अंगदान की मुहिम चलाई जा रही है, जिसे प्रभावित होकर गुरु प्रेम साहू पिता स्व. पंचराम साहू ग्राम चोरभट्टी निवासी 30 वर्षीय युवक ने मरणोपरांत देह दान की घोषणा की है। उन्होंने इस आशय का फार्म भरकर स्वास्थ्य विभाग को सौंपा है। उन्होंने शनिवार 23 सितंबर को अपने इच्छा अनुसार मरणोपरांत अपने देह का दान मेडिकल कॉलेज महासमुंद को किया है।
श्री साहू ने कहा कि अगर मरणोपरांत मेरे शरीर का सदुपयोग किसी अनुसंधान कार्य के लिए या किसी की जीवन को बदलने के लिए किया जाता है तो यह मेरे लिए सबसे पुण्य का कार्य है। मेरे लिए एक गौरवान्वित करने वाला निर्णय है। स्वास्थ्य विभाग ने युवक प्रेम साहू के इस कार्य की प्रशंसा की है। श्री प्रेम साहू की इस घोषणा से छत्तीसगढ़ लघु वेतन शासकीय चतुर्थ वर्ग कर्मचारी संघ जिला शाखा महासमुंद ने शुभकामनाएं दी है। यह जानकारी उमेश कुमार साहू जिला अध्यक्ष छत्तीसगढ़ लघु वेतन शासकीय चतुर्थ वर्ग कर्मचारी संघ जिला महासमुंद ने दी है।