महासमुन्द
महाराष्ट्रीयन परिवारों में उत्सव का माहौल
दूसरे दिन विशेष श्रृंगार के साथ पूजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 सितम्बर। प्रथम पूज्य गणेश जी की पत्नियां रिद्धि और सिद्धि अपने बच्चों के साथ मायके में पहुंची हंै। फलस्वरूप पिछले 24 घंटे से महाराष्ट्रीयन परिवारों में उत्सव का माहौल है। जिन घरों में रिद्धि सिद्धि महालक्ष्मी शुभ-लाभ की स्थापना हुई है, वहां परिवार जन इनका जोरदार आवाभगत में जुटे हुए हैं।
प्रथम दिवस गुरुवार को रिद्धि-सिद्धि तथा शुभ-लाभ की प्रतिमाओं की विधि-विधान से स्थापना की है। गई, वहीं दूसरे दिन 16 प्रकार की सब्जियों के साथ भिन्न भिन्न व्यंजनों का भोग लगाया गया। साथ ही उनका विशेष श्रृंगार किया गया।
महाराष्ट्रीयन परिवार के इस शुभ उत्सव में आस-पड़ोस के लोग भी शामिल हुए। गौरतलब है कि रिद्धि-सिद्धि की स्थापना के लिए इन परिवारों में सप्ताह भर से तैयारी की जाती है। साफ -सफाई के बाद रंग.रोगन कर इनकी स्थापना श्रेष्ठ मुहूर्त में की जाती है।
21 सितंबर को शहर समेत अंचल के अनेक महाराष्ट्रीयन परिवारों में इनकी स्थापना पूरे उत्साह के साथ की गई। जहा-जहां महालक्ष्मी की स्थापना होती है। उन घरों को उनका मायका माना जाता है। मायके में वे ढाई दिन बच्चों के साथ रहती हैं।
मान्यता है कि तीसरे दिन स्वयं भगवान गणेश उन्हें ले जाने के लिए अपने ससुराल आते हैं। महालक्ष्मी पूजन पर्व के दूसरे दिन का बड़ा महत्व होता है। अत: 22 सितंबर को उनका विशेष श्रृंगार कर विशेष प्रकार की पूजा की गई। कुछ खास किस्म के पौधों की पत्तियां और फूल, दुर्वा अर्पित कर दोनों बहनों और बच्चों को 16 प्रकार की सब्जियों का भोग लगाया गया। इस दौरान आरती भजनों का सिलसिला चलता रहा।
दूसरे दिन महिलाओं-पुरुषों, बच्चों ने भी व्रत रखकर पूजा की। घर-आंगन और स्थापना स्थल को रंगोलियों तथा विद्युत झालरों से सजाया गया। आज तीसरे दिन यानी 23 सितम्बर को महिलाएं हल्दी कुमकुम कार्यक्रम का आयोजन कर श्री गणेश परिवार को विभिन्न प्रकार के उपहार भेंट कर विदाई दी।