महासमुन्द

घरों में पूजे गए नांदिया-पोला, सडक़ों पर बच्चे दौड़ रहे....खेलने की उम्र में सडक़ किनारे नांदिया सजाते रहा ईश्वर
14-Sep-2023 2:00 PM
घरों में पूजे गए नांदिया-पोला, सडक़ों पर बच्चे दौड़ रहे....खेलने की उम्र में सडक़ किनारे नांदिया सजाते रहा ईश्वर

पिता के साथ खेतों से मिट्टी लाया, आकार दिया, कहता है-बड़ा होकर सचमुच की बैलगाड़ी खरीदूूंगा

उत्तरा विदानी

महासमुंद,14 सितंबर (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। आज महासमुंद जिले में पोला का पर्व है। हर घर में छत्तीसगढ़ी पकवान बने हैं। नांदिया और पोले की पूजा हो रही है। बच्चे सडक़ों पर, गलियों में मिट्टी के बैल के साथ दौड़ लगा रहे हैं। लेकिन बरोंडा बाजार का ईश्वर महासमुंद में सडक़ किनारे दुकान लगा अपने पिता के कामों में हाथ बंटाते नांदिया को दौडऩे के लिए तैयार कर रहा है। ईश्वर ने इस बार नांदिया बैल का स्वरूप बदलकर पालकी की तरह कर दिया है और इसकी अच्छी मांग भी है।

आज सुबह दस बजे आदर्श हाई स्कूल के मुख्य दरवाजे पर पसरा खोलते ही ईश्वर ने नांदिया और पोले को यथावत सजाया। फिर सूखे बांस के आधा फिट हिस्से से पतली पतली मजबूत सींकेंं निकाली। उसे अच्छी तरह छीलकर उसमें से रेशे अलग किए। फिर दो मोटी सींकों में मिट्टी के एक-एक चक्का डाला। उसने इससे पहले चक्के में दो-दो, तीन-तीन कंकड़ भी डाला। फिर नांदिया के पैरों में बने छेद में सींक को फिट किया और दोनों सींक पर फिर से एक-एक चक्का उसी तरह कंकड़ डालकर फिट किया। अब उसने दोनों सींकों के चारों छोरों पर अटकन लगाकर कसकर पतली रस्सी से बांध दिया। नांदिया को आखरी टच देते हुए उसने बैल के गर्दन में चार-पांच फीट रस्सी बांधी और ग्राहकों को सौंप दिया। पचास रुपए जोड़ी के हिसाब से। कंकड़ डालने के पीछे का कारण ईश्वर बताता है कि  इससे नांदिया के दौड़ते वक्त चक्कों से आवाजें आएंगी।

ईश्वर के पिता रघु पोला का सामान सजाकर ग्राहकों को दे रहे थे। वह थोड़ी-थोड़ी देर में ईश्वर के पास आता और उसके काम को परखते जाता। इस तरह सिलसिला घंटों चलते रहा। ग्राहकों की आवाजाही कम हुई तो छत्तसीगढ़ ने बच्चे से नाम पूछा। उसने बताया ईंश्वर विश्कर्मा। ग्राम बम्हनी। कक्षा चौथी। बगैर पूछे बताया कि आज स्कूल नहीं गया। बाबूजी के साथ काम पर आया हूं। त्यौहार में कुछ पैसे मिल जाते हैं। मैंने मां बाबूजी के साथ खेतों से मिट्टी लाकर बैल बनाई है। इसे रंग रोंगन से सजाया है। असली बैलों की तरह इन बैलों से भी मुझे बहुत प्यार है लेकिन मजबूरी है, बेचना पड़ता है।

फिर वह चुप हो गया। तुम्हें इनके साथ खेलने का मन नहीं करता पूछने पर उसने कहा-इतने सारे बैलों का क्या करूंगा? इसलिए इन्हें बेचने चला आता हूं। अपनेे जैसे बच्चों को देते समय अच्छा लगता है। लेकिन कभी-कभी मेरा भी मन इनके गले में रस्सी बांधकर दूर तक दौडऩे का मन करता है। सोच रहा हूं कि बड़ा होकर एक जोड़ी बैल खरीदूंगा और सचमुच की बैलगाड़ी चलाऊंगा।

ईश्वर की बातें सुन उनके पिता रघु कहते हैं-हमारा यह पुश्तैनी काम है। नई पीढ़ी को भी इसकी ट्रेनिंग देते हैं। इस बार तो बच्चों ने  बैलगाड़ी को पालकी का आकार भी दिया है। पढ़ लिखकर नौकरी भले ही न मिले लेकिन ये इस धंधे को नए आकार देकर आगे तक ले जाएंगे। हालांकि इसमें बहुत ज्यादा आमदनी नहीं है। बहुत बार तो मेहनत का आधा हिस्सा भी नहीं मिल पाता। लेकिन यह संस्कृति संस्कारों को जोडऩे का धंधा है। इसलिए कभी-कभार अच्छी कमाई हो जाती है। इस बार बारिश ने हमारा धंधा चौपट किया है।

फिर भी उम्मीद के हिसाब से ठीक है।                 


अन्य पोस्ट