महासमुन्द
महासमुंद, 8 सितंबर। ग्राम पंचायत झालखम्हरिया के आश्रित ग्राम जामली में हितग्राहियों को उचित मूल्य दुकान की सुविधा मिलने से ग्रामीणों में हर्ष व्याप्त है। संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर की पहल पर ग्राम जामली में सप्ताह में दो दिन हितग्राहियों को राशन सामान मिल सकेगा। जिस पर ग्रामीणों ने संसदीय सचिव व विधायक श्री चंद्राकर का आभार जताया है।
गौरतलब है कि ग्राम जामली के ग्रामीणों ने संसदीय सचिव व विधायक श्री चंद्राकर से राशन सामान के लिए हो रही दिक्कतों से अवगत कराया था। ग्रामीणों ने बताया था कि उन्हें राशन सामान के लिए करीब साढ़े पांच किमी दूर ग्राम झालखम्हरिया जाना पड़ता है जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में तो और ज्यादा परेशानी होती है। लिहाजा ग्राम जामली में उचित मूल्य की दुकान की उचित व्यवस्था की जाए।
जिस पर संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन के अधिकारियों से चर्चा की। बाद इसके ग्राम जामली में उचित मूल्य दुकान के भंडारण व वितरण को लेकर निर्णय लिया गया। सप्ताह में दो दिन ग्राम जामली के रिक्त सामाजिक भवन में उचित मूल्य दुकान के भंडारण व वितरण की अनुमति प्रदान की गई है। गांव वालों ने इसके लिए श्री चंद्राकर का आभार माना है।