महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 3 सितंबर। स्थानीय व्यापारी एकता मंच के अध्यक्ष अनूप अग्रवाल ने बताया कि उनके विरुद्ध अजा जजा आयोग में शिकायत कर उन्हें परेशान करने की जा रही जांच पर बिलासपुर हाईकोर्ट द्वारा रोक लगाई गई है।
ज्ञात हो कि कलेक्टर से मंजूरी ले कर 20 वर्ष पूर्व खरीदी भूमि के संबंध में विक्रेता के द्वारा कलेक्टर महासमुंद से शिकायत की गई थी,जिस पर एसडीएम पिथौरा द्वारा जांच करते हुए विक्रेता की शिकायत को निरस्त कर दिया गया है ।
अनूप अग्रवाल ने बताया कि उसके बाद विक्रेता की ओर से कुंदन ठाकुर नामक व्यक्ति ने अनुसूचित जाति जनजाति आयोग रायपुर के समक्ष शिकायत कर क्रेता को परेशान करने एवं आयोग के द्वारा पुलिस अधीक्षक, कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों को नोटिस जारी कर कार्यवाही प्रस्तावित करने के निर्देश दिए थे, जिसके विरुद्ध क्रेता ने उच्च न्यायालय बिलासपुर के समक्ष स्थानीय अधिवक्ता बजरंग अग्रवाल के माध्यम से रिट याचिका दायर किया है।
जिसमें उच्च न्यायालय ने अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के द्वारा क्षेत्राधिकार के बाहर जाकर नोटिस जारी करते हुए आयोग के द्वारा की जा रही समस्त कार्रवाई पर आगामी आदेश तक रोक लगा दी गई है एवं शिकायतकर्ता सहित विक्रेता को नोटिस जारी किया है ।
ज्ञात हो कि पिथौरा ब्लॉक के ग्राम खुटेरी में अनूप अग्रवाल ने वहां के कृषक पुनीत राम से 20 वर्ष पूर्व जमीन खरीदी थी, आदिवासी जमीन होने से कलेक्टर महासमुंद से मंजूरी ली गई थी ।