महासमुन्द

छग में घृणित अपराध को अंजाम दे रहे भाजपा नेता के पुत्र, पार्टी मौन-राशि
03-Sep-2023 3:57 PM
छग में घृणित अपराध को अंजाम दे रहे  भाजपा नेता के पुत्र, पार्टी मौन-राशि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 सितंबर।
रायपुर जिले के मंदिर हसौद में छग को शर्मसार करने देने वाली घटना पर कांग्रेस नेत्री और नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने पीडि़ताओं पर संवेदना जताते हुए कहा कि इस दु:ख की घड़ी में वे पीडि़ता और उनके परिवार के साथ हैं और पूरी सहानभूति है। मामले में उन्होंने भाजपा और शीर्ष नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कि भाजपा बलात्कार और जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले नेताओं को सरंक्षण देने वाली पार्टी है।

श्रीमती महिलांग ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि छग में भाजपा नेता के पुत्र पिता के राजनीतिक ओहदे की आड़ में घृणित अपराध को खुलेआम अंजाम दे रहे हैं। मंदिर हसौद की घटना उन्हीं भाजपा नेताओं से मिली खुली छूट का नतीजा है जिसकी वजह से एक नाबालिग और एक युवती को गैंगरेप जैसी जघन्य घटना का शिकार होना पड़ा। 

उन्होंने कहा घटना में शामिल दस आरोपियों में मुख्य आरोपी भाजपा मंडल उपाध्यक्ष का पुत्र है। मुख्य आरोपी पर पहले ही कई तरह के अपराध के तहत जुर्म दर्ज हैं। जिसके बाद पार्टी ने ऐसे नेता को पार्टी से निकाल बाहर करने की बजाए उन्हें पार्टी में बकायदा पद देकर रखा हुआ है। जिसका फायदा उनके पुत्र उठा रहा है। 

श्रीमती महिलांग ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि करीब एक वर्ष पूर्व छग में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के पुत्र पर भी एक युवती ने सालों तक शारीरिक शोषण का आरोप लगाया था। थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन पिता के राजनीतिक ओहदे के चलते मामले में आज तक कार्रवाई लंबित है। घटना की जानकारी के बाद भी पार्टी ने उन्हें पद से नहीं हटाया है जिससे साबित हो गया है भाजपा घृणित अपराध को अंजाम देने वाले नेताओं की पार्टी है। 

उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि छग को अपराध का गढ़ बनाने में सबसे बड़ा हाथ भाजपा और उनके नेताओं का है और अपनी कालिख को कांग्रेस पर पोतने का काम भाजपा के नेता कर रहे हैं। मणिपुर की घटना पर देश में संवेदनशील कहे जाने वाले प्रधानमंत्री मोदी चुप्पी साधे रहे। 

श्रीमती महिलांग ने कहा कि अब देखना है कि इस घटना के बाद भाजपा के शीर्ष नेता मामले में संज्ञान लेते हुए क्या कोई कठोर कदम उठाते हंै या फिर चंदेल के पुत्र के मामले की तरह भी इस मामले में चुप्पी साधे बैठे रहेंगे।


अन्य पोस्ट