महासमुन्द
महासमुंद, 3 सितंबर। बहन से राखी बंधवाने जा रहे भाई की सडक़ हादसे में मौत हो गई। यह घटना महासमुंद मौहारीभांठा निवासी प्रकाश दास मानिकपुरी के साथ घटी है।
बया में पदस्थ पटवारी प्रकाश दास मानिकपुरी 30 अगस्त को कार से महामसुंद के लिए अपने बहन से राखी बंधवाने शाम को निकले थे। महासमुंद के नजदीक ही कोडार डेम के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। उनके ड्राइवर और एक अन्य को हल्की चोटें आई है।
बताया जाता है कि कार के सामने बैठे पटवारी प्रकाश दरवाजा खुल जाने से बाहर निकलकर लगभग 20 मीटर गड्ढे में जा गिरा। बेहोश प्रकाश को एंबुलेंस से तुमगांव अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिया। मृतक प्रकाश मौहारीभांठा महासमुंद निवासी शिक्षक कुमार दास का इकलौता पुत्र था। साल भर पहले ही प्रकाश केा विवाह हुआ था।