महासमुन्द

कब्जा हटाओ नोटिस के विरोध में खैरा के ग्रामीण पहुंचे कलेक्टोरेट, ज्ञापन सौंपा
02-Sep-2023 2:43 PM
कब्जा हटाओ नोटिस के विरोध में खैरा के ग्रामीण पहुंचे कलेक्टोरेट, ज्ञापन सौंपा

कहा-पहले विस्थापन हो 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 सितंबर।
हाल ही में जिला प्रशासन की ओर से मिले कब्जा हटाओ नोटिस के विरोध में कल खैरा के ग्रामीण रैली की शक्ल में कलेक्टोरेट पहुंचे। यहां नारेबाजी करते हुए कहा कि पहले व्यवस्थापित करें, उसके बाद ही हटेंगे। 

ज्ञात हो कि जिला प्रशासन ने अतिक्रमण की शिकायत पर यहां के 85 लोगों को नोटिस जारी किया था। ऐसे में यहां 70-80 वर्षों काबिज होकर जीवनयापन करने वाले लोग नोटिस मिलने के बाद से ही आक्रोश में थे। इनका कहना है कि आखिर जाएं कहां? 

पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा के नेतृत्व में खैरा के ग्रामीण कलेक्टोरेट पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने उन्हें 7 दिवस के अन्दर कब्जा खाली करने नोटिस दिया है। इस बात से ग्रामीणों ने पूर्व विधायक डॉ. चोपड़ा को अवगत कराया। गायत्री मंदिर खैरा में इसके लिए एक बैठक भी हुई। तत्पश्चात सामूहिक निर्णय से कल रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय पहुंच। 

डॉ.चोपड़ा ने इनकी मांगों का समर्थन करते हुए कलेक्टर कार्यालय परिसर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं के बारे में कलेक्टर प्रभात मलिक से चर्चा की। कलेक्टर से चर्चा के बाद बाहर आकर डॉ.चोपड़ा ने बताया कि कलेक्टर ने कहा है कि ग्रमीणों को उसके व्यावसाय दुकान व मकान प्रभावित न हो, इसके लिए जिला प्रशासन अलग से जगह मुहैया कराएगी। एक नया बाजार चिन्हांकित कर उन जगहों पर ग्रामीणों को व्यावसाय के लिए जगह सरंक्षित किया जाएगा। 

साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिनका मकान सन 2005 के पहले बना है, उसको नक्शा के माध्यम से देखकर सरकारी सहायता के साथ पट्टा देकर जमीन भी देने की बात कलेक्टर ने कही है। डॉ. चोपड़ा के साथ कलेक्टर से मिलने भाजपा शहर मण्डल अध्यक्ष सतपाल सिंग पाली, पार्षद देवीचंद राठी, शहर महामंत्री प्रकाश शर्मा, भाजपा नेता मोहन साहू, शहर कोषाध्यक्ष हनीष बग्गा व महेन्द्र सिका जनपद सदस्य राकेश चन्द्राकर, खैरा सरपंच नीलम रेवा कोसरे, मनोज चन्द्राकर, राकेश चन्द्राकर जनपद सदस्य उपस्थित थे। 

डॉ. चोपड़ा का इस मामले में कहना है कि हटाने से पूर्व व्यवस्थापन कराया जाये। गांव वालों की रोजी-रोटी न छीना जाए। ऐसे सभी लोगों को प्रशासन जगह देकर व्यवस्थापित करे। विगत कई साल से ग्राम खैरा में मेन रोड के किनारे छोटे-छोटे व्यवसाय कर ठेला, पान ठेला, होटल लगाकर ग्रामीण परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। उनके लिए यह अजीवका का साधन है जिसे प्रशासन ने हटाने का आदेश दिया था। 
 


अन्य पोस्ट